बिलासपुर में धान खरीदी महाअभियान का शानदार आगाज, पहले दिन किसानों के चेहरों पर दिखी खुशी
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
हरदी उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई खरीदी, माला पहनाकर और नारियल भेंटकर अन्नदाता का किया स्वागत
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपनी मौजूदगी में कराई धान की तौल, 154 केंद्रों में खरीदी की तैयारी पूरी
बिलासपुर। किसानों की मेहनत और सालभर के इंतजार का परिणाम अब धान खरीदी के रूप में सामने आने लगा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के धान खरीदी महाअभियान का 15 नवंबर से बिलासपुर जिले में भी उत्साहपूर्ण आगाज हुआ। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले के सभी 154 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन बिल्हा विकासखंड के ग्राम हरदी स्थित धान उपार्जन केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की गई। इस अवसर पर अपनी उपज बेचने पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी का माला पहनाकर एवं नारियल भेंटकर स्वागत किया गया। खरीदी की शुरुआत के साथ ही किसानों में उत्साह देखने को मिला और उपार्जन केंद्रों में शासन की व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक माहौल नजर आया।

कलेक्टर ने अपनी मौजूदगी में कराई धान की तौल
धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर संजय अग्रवाल हरदी धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसान विजय कुमार धुरी की मौजूदगी में उनके धान की तौल कराई और पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। पहले दिन किसान विजय कुमार धुरी से 12.40 क्विंटल मोटा महामाया किस्म के धान की खरीदी की गई।

कलेक्टर ने केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों से खरीदी व्यवस्था, तौल प्रक्रिया तथा धान के सुरक्षित भंडारण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, सुव्यवस्थित तरीके और शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाए।
कम धान बेचने पर भी मिलेगा आदान सहायता राशि का लाभ

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने किसानों से चर्चा के दौरान शासन की आदान सहायता व्यवस्था की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि दी जाएगी। इस व्यवस्था से उन किसानों को भी लाभ मिलेगा, जो अपनी पूरी निर्धारित अधिकतम मात्रा के बजाय कम धान बेचते हैं।
जिले के 154 केंद्रों में खरीदी की तैयारी पूरी
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए बिलासपुर जिले में धान खरीदी की व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले के लगभग 1 लाख 36 हजार किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। प्रशासन द्वारा सभी 154 धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का दावा किया गया है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हरदी उपार्जन केंद्र में पहले दिन धान विक्रय के लिए दो किसानों के टोकन जारी किए गए थे। इनमें से किसान विजय कुमार धुरी ने अपनी उपज बेची। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टोकन के अनुसार किसानों की उपज की खरीदी समय पर की जाए तथा केंद्र में पहुंचने वाले किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
हरदी केंद्र में 1,139 किसान पंजीकृत
हरदी धान उपार्जन केंद्र में कुल 1,139 किसानों का पंजीयन हुआ है। इस केंद्र के अंतर्गत हरदी, बसिया एवं कोरमी गांवों के किसान अपनी उपज का विक्रय करते हैं। किसानों की संख्या और संभावित धान आवक को देखते हुए कलेक्टर ने केंद्र में पर्याप्त स्टैकिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान की आवक के अनुरूप तौल और भंडारण की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। खरीदे गए धान का सुरक्षित एवं व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जाए, ताकि उन्हें खरीदी केंद्र में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
खरीदी व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए किसान
पहले दिन अपनी उपज बेचने पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी ने केंद्र में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने धान खरीदी की प्रक्रिया और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को लेकर प्रसन्नता जताई। पहले ही दिन उनकी उपज की तौल और खरीदी पूरी होने से वे संतुष्ट नजर आए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही पर ध्यान देने के निर्देश दिए। शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को सुविधाजनक वातावरण में अपनी उपज बेचने का अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
धान खरीदी महाअभियान की शुरुआत के साथ ही जिले में अब आगामी दिनों में उपार्जन केंद्रों में किसानों की आवक बढ़ने की संभावना है। प्रशासन के सामने खरीदी, तौल और सुरक्षित भंडारण को व्यवस्थित बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। पहले दिन हरदी केंद्र में हुई खरीदी और किसान के स्वागत के साथ जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

