घर बैठे ऑनलाइन टोकन, उपार्जन केंद्र में आसान बिक्री, किसान मनकेर दुग्गा ने बेचा 55.20 क्विंटल धान
3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान बेचकर खिले किसान के चेहरे, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार
नारायणपुर में 19 उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदी शुरू, ऑनलाइन टोकन सुविधा से किसानों के समय और श्रम की हो रही बचत
रायपुर । छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही किसानों में उत्साह का माहौल है। अपनी मेहनत की उपज का निर्धारित मूल्य मिलने और धान विक्रय की प्रक्रिया सरल होने से किसान संतुष्टि व्यक्त कर रहे हैं। नारायणपुर जिले के ग्राम दुग्गा बेंगाल निवासी किसान मनकेर दुग्गा भी ऐसे ही किसानों में शामिल हैं, जिन्होंने घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर एड़का धान उपार्जन केंद्र में आसानी से अपनी उपज बेची। उन्होंने 55 क्विंटल 20 किलोग्राम धान का विक्रय किया। शासन द्वारा निर्धारित 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से उनकी उपज का कुल मूल्य 1 लाख 71 हजार 120 रुपए बनता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ की गई है। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के साथ उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। नारायणपुर जिले के किसान मनकेर दुग्गा, पिता जुन्गा दुग्गा, लगभग चार एकड़ भूमि में खेती करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष धान बेचने के लिए उन्हें टोकन प्राप्त करने हेतु समिति के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने स्वयं अपने मोबाइल से ‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और निर्धारित तिथि पर एड़का उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान का विक्रय किया। दुग्गा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से समय की बचत हुई और धान बेचने की पूरी प्रक्रिया सुविधाजनक रही। उपार्जन केंद्र में भी उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलने से खेती-किसानी के प्रति उत्साह बढ़ता है। धान खरीदी की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसानों की सुविधा के लिए नारायणपुर में बढ़ाए गए उपार्जन केंद्र
नारायणपुर जिले में किसानों को धान विक्रय के लिए अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 कर दी गई है। हलामीमुंजमेटा और तारागांव में दो नवीन उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इससे संबंधित क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अतिरिक्त सुविधा मिल रही है। जिले में कुल 10 हजार 686 किसान पंजीकृत हैं, जिनका पंजीकृत कृषि रकबा 13 हजार 63.08 हेक्टेयर है। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसानों को ऑनलाइन ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के साथ संबंधित समितियों के माध्यम से ऑफलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। धान खरीदी की शुरुआत के साथ किसान मनकेर दुग्गा का अनुभव दर्शाता है कि डिजिटल सुविधाओं और उपार्जन केंद्रों में की गई व्यवस्थाओं से किसानों के लिए अपनी उपज का विक्रय करना अधिक आसान हो रहा है। घर बैठे टोकन प्राप्त करने और निर्धारित तिथि पर धान बेचने की सुविधा से किसानों के समय एवं श्रम की बचत हो रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

