धान खरीदी में बेमेतरा जिले की शानदार उपलब्धि, प्रदेश के शीर्ष तीन जिलों में बनाई जगह
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 16 नवंबर तक 4 हजार 378 मीट्रिक टन से अधिक धान का उपार्जन
प्रदेश में अब तक हुई कुल धान खरीदी में बेमेतरा की लगभग 8 प्रतिशत हिस्सेदारी, जिले के सभी 140 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के प्रमुख धान उत्पादक जिलों में शामिल बेमेतरा ने खरीदी के शुरुआती दिनों में ही उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में 16 नवंबर तक 4 हजार 378.68 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके साथ ही बेमेतरा प्रदेश में सर्वाधिक धान खरीदी करने वाले शीर्ष तीन जिलों में शामिल हो गया है। धान खरीदी की इस उपलब्धि से जिले में कृषि गतिविधियों की सक्रियता और किसानों के उत्साह की झलक दिखाई दे रही है।
मार्कफेड से प्राप्त 16 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में कुल 54 हजार 686.80 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है, जिसमें अकेले बेमेतरा जिले की हिस्सेदारी लगभग 8 प्रतिशत है। खरीदी के शुरुआती चरण में ही जिले का प्रदेश के शीर्ष तीन जिलों में स्थान बनाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिले के सभी 140 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रारंभ हो चुकी है और किसान निर्धारित टोकन के अनुसार अपनी उपज लेकर केंद्रों में पहुंच रहे हैं।

140 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ, किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
बेमेतरा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए कुल 140 उपार्जन केंद्रों में खरीदी कार्य शुरू हो चुका है। सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपार्जन केंद्रों में धान की तौल, बारदानों की उपलब्धता, नमी परीक्षण और भुगतान संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा समिति प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए। किसानों को निर्धारित टोकन के अनुसार धान विक्रय के लिए बुलाया जा रहा है, ताकि उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ न हो और किसानों को लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़े।
केंद्रों में आने वाले किसानों को धान की गुणवत्ता, नमी परीक्षण तथा खरीदी संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र किसान अपनी उपज सुविधाजनक ढंग से बेच सके।
मोटा धान की सर्वाधिक खरीदी, पतला धान की भी अच्छी आवक
जिले में अब तक खरीदे गए कुल 4 हजार 378.68 मीट्रिक टन धान में मोटा धान की हिस्सेदारी सर्वाधिक है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 3 हजार 12.08 मीट्रिक टन मोटा धान, एक हजार 362.60 मीट्रिक टन पतला धान तथा 4 मीट्रिक टन सरना धान की खरीदी की गई है।
इस प्रकार कुल खरीदी में मोटा धान की हिस्सेदारी लगभग 68.8 प्रतिशत तथा पतला धान की हिस्सेदारी लगभग 31.1 प्रतिशत है। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले के उपार्जन केंद्रों में मोटा धान की आवक अधिक है, जबकि पतला धान भी बड़ी मात्रा में खरीदी के लिए पहुंच रहा है।
प्रदेश की कुल खरीदी में बेमेतरा की लगभग 8 प्रतिशत भागीदारी
प्रदेश में 16 नवंबर तक कुल 54 हजार 686.80 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है। इसमें बेमेतरा जिले का योगदान 4 हजार 378.68 मीट्रिक टन है, जो प्रदेश की कुल खरीदी का लगभग 8 प्रतिशत है।
धान खरीदी के शुरुआती दिनों में बेमेतरा का शीर्ष तीन जिलों में शामिल होना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आने वाले दिनों में धान की आवक बढ़ने के साथ खरीदी की मात्रा में और वृद्धि होने की संभावना है।
किसानों में उत्साह, उपार्जन केंद्रों में लगातार पहुंच रही उपज
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने से जिले के किसानों में उत्साह का माहौल है। उपार्जन केंद्रों में सुबह से ही किसान अपनी उपज लेकर पहुंच रहे हैं। टोकन आधारित खरीदी व्यवस्था से किसानों को निर्धारित समय पर धान विक्रय की सुविधा मिल रही है।
किसानों ने खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया है। साथ ही समय पर भुगतान मिलने की उम्मीद जताई है। जिला प्रशासन द्वारा किसानों की सुविधाओं और खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है।
कलेक्टर ने दिए निर्देश, खरीदी व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले के सभी समिति प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता, तौल एवं नमी परीक्षण की समुचित व्यवस्था तथा खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपार्जित धान के रखरखाव में विशेष सावधानी बरती जाए तथा खरीदी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में खरीदी की गति और तेज होने की संभावना को देखते हुए सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि खरीदी अवधि के दौरान किसानों को सुविधाजनक, पारदर्शी और व्यवस्थित व्यवस्था उपलब्ध हो तथा उनकी उपज का उपार्जन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समय पर सुनिश्चित किया सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

