नारायणपुर में धान खरीदी का उत्साहपूर्ण आगाज, अन्नदाताओं का फूलों से स्वागत कर किया गया सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को मिल रहा 3100 रुपए प्रति क्विंटल का लाभ, प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी
किसानों की सुविधा के लिए दो नए उपार्जन केंद्र शुरू, अब जिले के 19 केंद्रों में धान बेच सकेंगे 10 हजार 686 पंजीकृत किसान
ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन व्यवस्था से धान विक्रय हुआ आसान, किसानों के समय और श्रम की होगी बचत
रायपुर । छत्तीसगढ़ में किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता एक बार फिर धरातल पर दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर से नारायणपुर जिले के सभी 19 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। पहले दिन अपनी मेहनत की उपज लेकर पहुंचे अन्नदाताओं का पुष्प भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उपार्जन केंद्रों में किसानों के चेहरों पर उत्साह और संतोष दिखाई दिया। राज्य शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। धान खरीदी के पहले दिन जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। नारायणपुर उपार्जन केंद्र में किसान हितेंद्र पिता यज्ञनाथ, एड़का उपार्जन केंद्र में किसान फागुराम, बेनूर उपार्जन केंद्र में किसान नारायण पिता मेहतर एवं रितेश पिता बालसिंह तथा गढ़बेंगाल उपार्जन केंद्र में किसान शशि बाई मानिकपुरी ने अपनी उपज का विक्रय किया। इन किसानों का पुष्प भेंटकर सम्मान किया गया। किसानों के स्वागत के साथ शुरू हुई धान खरीदी ने अन्नदाताओं के प्रति राज्य शासन की संवेदनशीलता और सम्मान की भावना को भी रेखांकित किया।
गांवों के करीब पहुंची धान खरीदी की सुविधा, दो नए केंद्रों से किसानों को राहत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप किसानों को धान विक्रय के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े और उन्हें अपने नजदीकी क्षेत्र में ही सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो, इसके लिए नारायणपुर जिले में इस वर्ष दो नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। हलामीमुंजमेटा और तारागांव में नवीन केंद्र खुलने से जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़कर 19 हो गई है। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के किसानों को धान परिवहन में सुविधा मिलने के साथ समय, श्रम और परिवहन व्यय की बचत होगी। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले में वर्तमान में 10 हजार 686 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 13 हजार 63.08 हेक्टेयर है। इन किसानों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अपनी उपज विक्रय करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
डिजिटल व्यवस्था से आसान हुई धान खरीदी, टोकन के लिए किसानों को मिल रहे दो विकल्प
धान खरीदी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाने के लिए राज्य शासन द्वारा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। किसान तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, जिन किसानों को ऑनलाइन सुविधा का उपयोग करने में कठिनाई होती है, वे संबंधित सहकारी समिति से ऑफलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से प्रारंभ हो चुकी है। इस व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय के लिए निर्धारित तिथि की जानकारी पहले से मिल रही है। इससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने, समय की बचत और खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखने में सहायता मिलेगी। शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धान खरीदी 31 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी।
किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता
जिला प्रशासन द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की सुचारु व्यवस्था और किसानों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं टोकन के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें तथा अच्छी तरह साफ और सूखा धान लेकर आएं, ताकि गुणवत्ता परीक्षण और खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नारायणपुर जैसे जनजातीय बहुल जिले में धान खरीदी केंद्रों का विस्तार और डिजिटल सुविधाओं की उपलब्धता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने के साथ सुविधाजनक एवं पारदर्शी व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

