एसईसीएल में तीन माह के सतर्कता अभियान का समापन, ई-आवास पोर्टल का शुभारंभ
आवास आवंटन प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी और सरल, ऑनलाइन आवेदन से लेकर डिजिटल आवंटन आदेश तक मिलेंगी सुविधाएं
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में तीन माह तक चले निवारक सतर्कता अभियान का 16 नवंबर को समापन हुआ। इस अवसर पर कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन ‘ई-आवास’ पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य आवास आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल, त्वरित और प्रभावी बनाना है। पोर्टल के माध्यम से कर्मचारियों को आवास संबंधी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी और आवंटन प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप को न्यूनतम किया जा सकेगा।

एसईसीएल में निवारक सतर्कता अभियान 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक संचालित किया गया। अभियान के समापन अवसर पर ई-आवास पोर्टल का लोकार्पण अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने किया। इस दौरान निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। वहीं विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
सतर्कता, मानव संसाधन और सिस्टम विभाग का संयुक्त प्रयास
ई-आवास पोर्टल का विकास सतर्कता विभाग की पहल पर मानव संसाधन विभाग और सिस्टम विभाग के समन्वित सहयोग से किया गया है। इसके माध्यम से कर्मचारियों को आवास संबंधी सेवाएं एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी। व्यवस्था का उद्देश्य आवास आवंटन में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के साथ प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाना है।
इस अवसर पर सीएमडी हरीश दुहन ने पोर्टल के विकास में योगदान देने वाली सतर्कता, मानव संसाधन और सिस्टम विभाग की टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मानव संसाधन विभाग द्वारा कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई प्रणाली की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इससे आवास प्रबंधन एवं आवंटन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।
एक ही पोर्टल पर मिलेंगी आवास संबंधी सुविधाएं
ई-आवास पोर्टल में कर्मचारियों के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल की गई हैं। इसके माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और आवेदन की स्थिति की ट्रैकिंग की जा सकेगी। एचआर/एसएपी आधारित सत्यापन, स्वचालित वरिष्ठता सूची तैयार करने और नियमानुसार आवास आवंटन की व्यवस्था भी इसमें शामिल है।
इसके अलावा आरक्षण एवं विशेष प्रावधानों का अनुपालन, डिजिटल आवंटन आदेश जारी करना, आवासों की वास्तविक समय में उपलब्धता की जानकारी, आवास परिवर्तन और पारस्परिक विनिमय की सुविधा उपलब्ध होगी। पोर्टल में सुरक्षित डिजिटल अभिलेख और ऑडिट ट्रेल की व्यवस्था भी की गई है। इससे आवास आवंटन से संबंधित प्रक्रियाओं का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा।
सतर्कता और पारदर्शिता को कार्यसंस्कृति में शामिल करने पर जोर
सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के दौरान प्राप्त सीख और अपनाई गई बेहतर कार्यप्रणालियों को अभियान समाप्त होने के बाद भी दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने संगठन के प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, सतर्कता और सत्यनिष्ठा को और मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
ई-आवास पोर्टल का शुभारंभ एसईसीएल में डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी प्रशासन और कर्मचारी-केंद्रित मानव संसाधन प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

