मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में धान खरीदी के शुभारंभ पर किसानों में दिखा उत्साह, पहले दिन 92 किसानों ने बेचा 34 सौ क्विंटल धान
जिले में 16 नए उपार्जन केंद्रों सहित किसानों के लिए की गई हैं व्यापक व्यवस्थाएं
अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने 14 चेकपोस्ट स्थापित
रायपुर । मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर को हुई। धान खरीदी के पहले दिन ही उपार्जन केंद्रों में किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोकन लेकर अपने धान का विक्रय करने पहुंचे। धान खरीदी के प्रथम दिन जिले में कुल 92 किसानों ने 34 सौ क्विंटल धान का विक्रय किया। वहीं 96 किसानों को कुल 4 हजार क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन जारी किया गया था। शासन द्वारा धान खरीदी के लिए 15 जनवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है। जिले में किसानों की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए 16 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपने नजदीकी केंद्रों में धान का विक्रय कर सकें। धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर 14 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। वहीं विकासखंड स्तर पर तहसीलदारों की अध्यक्षता में विशेष निगरानी दल का गठन किया गया है, जो धान खरीदी व्यवस्था पर सतत नजर रखेंगे। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और किसानों को सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
नवीन धान उपार्जन केंद्र भावसा में धान खरीदी उत्सव का शुभारंभ
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में धान खरीदी उत्सव का शुभारंभ नवीन धान उपार्जन केंद्र भावसा से हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राधिका अंधारे, रेखा कोठारी सहित कलेक्टर तनुजा सलाम, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने धान खरीदी उत्सव में सहभागिता की। नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज के विक्रय में सुविधा मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

