डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे मांगना गैरकानूनी, अनजान कॉल से रहें सतर्क : आईजी रामगोपाल गर्ग
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
एनटीपीसी सीपत के कला निकेतन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, आईजी ने डिजिटल अरेस्ट, म्यूल अकाउंट, APK और ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के तरीकों से किया आगाह
सीपत/बिलासपुर। तेजी से बदलते डिजिटल परिवेश में साइबर अपराधों का स्वरूप लगातार बदल रहा है। ऑनलाइन बैंकिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल लेन-देन ने जहां आम लोगों की जिंदगी आसान बनाई है, वहीं साइबर अपराधियों ने इन्हीं तकनीकों का दुरुपयोग कर ठगी के नए-नए तरीके अपना लिए हैं। आम नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा 18 नवंबर को एनटीपीसी सीपत स्थित ‘कला निकेतन’ सभागार में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, अपराधियों की कार्यप्रणाली और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज डिजिटल तकनीक हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। लेकिन साइबर अपराधी लोगों के भय, लालच और विश्वास का फायदा उठाकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क और जागरूक रहना बेहद जरूरी है।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डरें नहीं, पैसे ट्रांसफर न करें
आईजी श्री गर्ग ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हो रही साइबर ठगी को लेकर विशेष रूप से आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस, सीबीआई या किसी अन्य जांच एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। साइबर अपराधी पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी का अधिकारी बनकर लोगों को वीडियो कॉल करते हैं और गिरफ्तारी का भय दिखाकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लेते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल पर घबराकर पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
साइबर ठगी के छह प्रमुख तरीकों की दी जानकारी
कार्यक्रम में आईजी ने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह लोग अनजाने में ठगी का शिकार हो जाते हैं।
- डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड: पुलिस, सीबीआई और अन्य जांच एजेंसियों के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए डराकर ठगी करना।
- म्यूल अकाउंट: पैसों का लालच देकर बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में करना। इसमें खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
- इम्पर्सोनेशन फ्रॉड: परिचितों, अधिकारियों और प्रतिष्ठित संस्थानों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर पैसों की मांग करना।
- APK फ्रॉड: अनजान लिंक या संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल और निजी जानकारियों तक पहुंच बनाना।
- ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट फ्रॉड: कम समय में अधिक मुनाफा देने का लालच देकर ऑनलाइन निवेश के नाम पर रकम ठगना।
- सेक्सटॉर्शन: फर्जी वीडियो कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री के नाम पर ब्लैकमेल कर पैसे वसूलना।
इसके अलावा साइबर अपराधों की निगरानी, शिकायतों के निराकरण और त्वरित कार्रवाई से संबंधित MRM एवं GRM मॉड्यूल की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताए साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह ने भी उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की घटना होने पर शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। पीड़ित व्यक्ति जितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराएगा, ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराने की संभावना उतनी ही बढ़ सकती है। इसलिए ठगी होने पर घबराने या चुप बैठने के बजाय तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए।
एसबीआई शाखा प्रबंधक ने दी बैंकिंग सुरक्षा की जानकारी
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक सीपत शाखा की शाखा प्रबंधक ने भी बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और बैंक खातों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों को साइबर ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया।
इस अवसर पर एनटीपीसी के चीफ जनरल मैनेजर एवं हेड ऑफ प्रोजेक्ट श्री विजय शंकर दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारी एवं जवान तथा स्कूली विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सभी ने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर तत्काल करें शिकायत
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को आगे दूसरे खातों में जाने से रोकने और होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के अंत में एनटीपीसी प्रबंधन ने बिलासपुर पुलिस की इस जनजागरूकता पहल की सराहना करते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिलासपुर पुलिस द्वारा आईजी रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में साइबर अपराधों की रोकथाम, तकनीकी जागरूकता के विस्तार और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का संदेश स्पष्ट रहा कि डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

