गौधाम औखर में अनुदान और कर्मचारियों का वेतन अटका, कलेक्टर से हुई शिकायत

0
IMG-20261118-WA1102(1)

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय

चार माह से चरवाहा एवं PIAW कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन, चारा विकास और पोषण आहार की राशि भी लंबित; गौवंश की देखरेख प्रभावित होने का आरोप

बिलासपुर। गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से संचालित गौधाम औखर में अनुदान राशि, कर्मचारियों के वेतन और चारा विकास की राशि लंबित होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गौधाम औखर (गौधाम पंजीयन क्रमांक-02) के अध्यक्ष हेमंत कुमार पटेल ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शासन से मिलने वाली विभिन्न मदों की राशि समय पर जारी नहीं होने के कारण गौधाम की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।

शिकायत के अनुसार वर्ष 2026 के सितंबर एवं अक्टूबर माह का पोषण आहार अनुदान अब तक जारी नहीं किया गया है। वहीं जुलाई से अक्टूबर तक लगातार चार माह का चरवाहा एवं PIAW कर्मचारियों का वेतन भी लंबित है। इसके अलावा चारा विकास के लिए मिलने वाली राशि भी अब तक प्राप्त नहीं हुई है। इससे गौधाम में कार्यरत कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गई है।

ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड नहीं हुआ मांग पत्र

गौधाम अध्यक्ष हेमंत कुमार पटेल ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि अनुदान की मांग से संबंधित आवश्यक पत्र जमा किए जाने के बावजूद उसे छत्तीसगढ़ राज्य गोसेवा आयोग रायपुर के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है। इसके चलते अनुदान जारी होने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लंबित दस्तावेजों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड कराने की मांग की है।

वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों ने काम करने से किया मना

अध्यक्ष के मुताबिक लगातार चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण चरवाहा एवं PIAW कर्मचारियों ने काम करने से मना कर दिया है। इसका सीधा असर गौधाम में रखे गए गौवंश की देखरेख और रोजमर्रा की व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है। समय पर चारा, पोषण आहार और देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करना गौधाम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे में अनुदान और वेतन में देरी से व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

हेमंत कुमार पटेल ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने, लंबित मांग पत्र को छत्तीसगढ़ राज्य गोसेवा आयोग रायपुर के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कराने तथा सितंबर-अक्टूबर के पोषण आहार अनुदान, जुलाई से अक्टूबर तक के कर्मचारियों के वेतन और चारा विकास की लंबित राशि जल्द जारी कराने की मांग की है।

अब देखना होगा कि शिकायत के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं तथा गौधाम औखर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए लंबित राशि कब तक जारी की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!