पंथ श्री के आशीर्वाद से छग विकसित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर – सीएम साय


अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बलौदाबाजार भाटापारा । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विश्व प्रसिद्ध कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सद्गुरू कबीर संत समागम समारोह में अपने साथी मंत्रियों एवं विधायकों के संग शामिल हुये। इस अवसर पर उन्होंने पंथश्री उदित मुनिनाम साहेब , पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहब को शाल श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर संत समागम समारोह की राशि पचास लाख से बढाकर पचहत्तर लाख करने की घोषणा किया। समारोह में पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष माघ मेला के प्रथम दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीर पंथ के नये संवाहक 16 वें वंशाचार्य पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया की इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतो के साथ ही विदेशो से भी कबीरपंथी संत समागम मेला में आये हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साहेब बंदगी साहेब के जयघोष के साथ माघ पूर्णिमा की शुभकामनायें देते हुये कहा कि कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर साल भव्य होते जा रहा है , जो लोगों में बढ़ते आस्था का प्रतीक है। आज पंथ श्री के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ विकसित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने बताया कि वे बचपन से ही कबीर पंथ से परिचित है और उनके गांव बगिया में भी आठ – दस कबीर पंथी परिवार है। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर करने के सम्बन्ध में बताया कि राजपत्र में प्रकाशन हेतु अंतिम प्रक्रिया जारी है। उन्होंने आगे कहा कि छतीसगढ़ के विकास की बाधा नक्सलवाद जल्द ही जड़ से समाप्त होने वाला है। हमन जनता से किये वायदा को तेजी से पूरा कर रहे है। डबल इंजन की सरकार का फायदा लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को बहुत आगे ले जाना है और विकसित प्रदेश के रूप में खड़ा करना है। इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब का चादर तिलक अद्भुत और ऐतिहासिक रहा। पंथ श्री वृक्षारोपण , समाज सेवा , नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। अल्प आयु में भी इतना सब कुछ करना सामान्य बात नहीं है। उनके चेहरे पर एक अलग ही आभा दिखाई देता है , जो कबीर पंथ को ऊंचाइयों तक ले जायेगा। इसी कड़ी में क्षेत्रीय विधायक इंद्र साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि यह अंतर्राष्ट्रीय संत समागम समारोह है और यहां से हम संकल्प लेकर जायें कि सद्गुरु संत कबीर साहेब के अनमोल वचनों को अपने जीवन में आत्मसात करेंगे। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष श्रद्धालुओं के लिये पच्चीस कमरों का सर्वसुविधायुक्त भवन प्राथमिक शाला का जीर्णोद्धार एवं शौचालय निर्माण कार्य की मांग रखी। जिस पर मंच संचालनकर्ता ने विधायक इन्द्र साव को कबीर पंथ के भावना को प्रकट करने हेतु आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गुरू गोसाई भानुप्रताप साहेब , विधायक भावना बोहरा , ईश्वर साहु , पूर्व सांसद अभिषेक सिंह , सरपंच कमलेश साहू , कलेक्टर दीपक सोनी , एसपी भावना गुप्ता , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सहित कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधिगण , थाना प्रभारी सिमगा लखेश केवट थाना स्टाफ- कर्मचारी एवं लाखों की संख्या में कबीरपंथी उपस्थित थे।



The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




