घर से आभूषण चोरी करने की आरोपिया जेल दाखिल

0
IMG-20260201-WA0742.jpg

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग । पूर्व में घर में घरेलू कामकाज कर विश्वास में लेकर लगभग बीस लाख रूपये कीमती सोने / हीरे के आभूषण को चोरी करने की आरोपिया को चौबीस घंटे से भी कम समय में थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार प्रार्थी राहुल जैन निवासी एचआईजी -157 मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने पद्मनाभपुर , दुर्ग द्वारा घर से सोने-हीरे के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 331(4) , 305(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य , सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही महिला को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी पूर्व से ही प्रार्थी के घर में घरेलू कामकाज करती थी तथा विश्वास में लेकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुये चौबीस घंटे से कम समय में चोरी का सफल खुलासा किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी गये सोने-हीरे के आभूषण एवं अन्य सामग्री बरामद कर विधिवत जप्त की गई। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में पद्मनाभपुर थाना प्रभारी राजकुमार लहरें एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। वहीं प्रकरण में अन्य पहलुओं पर विवेचना जारी है।

जप्त सामग्री –

एक नग हीरे जड़ी सोने की चैन , दो नग मंगलसूत्र , एक नग नेकलेस , दो नग कान के झूमके , एक नग चांदी का करधन , एक नग बड़ी पायल , एक नग छोटी पायल और दो नग बिछिया।

गिरफ्तार आरोपिया –

कविता देशलहरे उम्र 36 वर्ष निवासी – स्टेशन मरोदा , थाना – नेवई

दुर्ग पुलिस की अपील –

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घरेलू कामकाज हेतु नियुक्त कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अवश्य करायें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!