किशन हत्याकांड का खुलासा: 48 घंटे में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, तीन अपचारी बालक सहित 6 आरोपी गिरफ्तार


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कबीरधाम । कबीरधाम जिले के थाना खम्हरिया क्षेत्र अंतर्गत सीमावर्ती ग्राम पैलपार में युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस अंधे हत्याकांड में पुलिस ने तीन अपचारी बालकों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


गौरतलब है कि 27 जनवरी को ग्राम पैलपार के खेत स्थित कुएं में एक युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह अंधे कत्ल का प्रतीत हो रहा था। मृतक की पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा, निवासी ग्राम ढेकापुर, तहसील थाना खम्हरिया के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) ने तत्काल विशेष टीम गठित कर सख्त निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना खम्हरिया पुलिस ने जांच को तेज गति दी।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल के रिक्रिएशन, लगातार दबिश और गहन पूछताछ के आधार पर खुलासा किया कि आरोपियों ने 05 जनवरी को किशन की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, रस्सी, बत्ता और चाकू जप्त किया है। सभी आरोपी थाना खम्हरिया क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय सक्षम न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई से कबीरधाम पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा मजबूत हुआ है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



