उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा खिलाड़ियों ने की सौजन्य मुलाकात


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
13 पैरा खिलाड़ियों ने 32 पदक जीतकर कबीरधाम को बनाया ओवरऑल चैंपियन
कवर्धा। 16वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले कबीरधाम जिले के पैरा खिलाड़ियों ने उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों की जानकारी साझा की और प्रतियोगिता से जुड़े अनुभव बताए। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के 13 पैरा खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर जिले को ओवरऑल चैंपियन बनाया, जिससे पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।


उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल पदकों की संख्या नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के संघर्ष, आत्मविश्वास और अटूट हौसले का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कबीरधाम के दिव्यांग खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि शारीरिक चुनौतियां सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। यदि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम हो, तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन के दौरान कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों का दबदबा बना रहा और उनके अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों के लिए उनके ही क्षेत्र में मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और जिला स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष कवर्धा गणेश तिवारी, बोड़ला नंद श्रीवास, नरेंद्र मानिकपुरी, मनीराम साहू, अमर कुर्रे, प्रवीण शर्मा, जसबीर सालुजा, शैलेन्द्र उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
कबीरधाम के खिलाड़ियों ने जीते 32 पदक
16वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 32 पदक अपने नाम किए। छोटी मेहरा ने तवा फेंक और गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीते। अनिल कुमार ने गोला फेंक और भाला फेंक में स्वर्ण पदक हासिल किया। खिलेश्वर पटेल ने 400 मीटर, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक प्राप्त किए। सुखनंदन निषाद ने 200 मीटर, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीते।
देव सिंह अहीरे ने भाला फेंक और गोला फेंक में रजत पदक हासिल किया। अरुण वर्मा ने भाला फेंक, लंबी कूद और गोला फेंक में स्वर्ण पदक, जबकि 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीते। गांधी कुर्रे ने भाला फेंक और लंबी कूद में स्वर्ण, तथा 100 मीटर दौड़ और गोला फेंक में रजत पदक प्राप्त किए। आमीन खान ने लंबी कूद और गोला फेंक में स्वर्ण तथा तवा फेंक में रजत पदक जीता।
शिवकिंकर नेताम ने तवा फेंक में स्वर्ण, गोला फेंक में रजत और भाला फेंक में कांस्य पदक हासिल किया। थानू ने तवा फेंक में रजत पदक, रामलोचन वर्मा ने भाला फेंक में रजत पदक प्राप्त किया। केशव ने तवा फेंक और गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीते। सरजू कोसले ने गोला फेंक में स्वर्ण तथा तवा फेंक और भाला फेंक में रजत पदक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
इन खिलाड़ियों की ऐतिहासिक उपलब्धि ने कबीरधाम जिले को राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है और यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



