नेशनल हाईवे-130 पर लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260202-WA0756.jpg

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

रतनपुर (बिलासपुर)। थाना रतनपुर पुलिस ने नेशनल हाईवे-130 पर हाईवे किंग ढाबा के पास हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने प्रकरण में लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। साथ ही घटना में प्रयुक्त दो कारें और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

घटना का विवरण
दिनांक 1 फरवरी 2026 को लगभग रात 3:35 बजे प्रार्थी विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी तिवरता, थाना दीपका, जिला कोरबा, अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 19 BE 3400 से बिल्हा क्षेत्र में मेला देखकर लौट रहे थे। रतनपुर के पहले नेशनल हाईवे पर हाईवे किंग ढाबा के पास पेशाब के लिए गाड़ी रोकने पर दो कारों (एक सफेद क्रेटा और एक हरे रंग की कार) में सवार चार युवक उतरे और प्रार्थी के साथ मारपीट कर उसकी कार, तीन मोबाइल फोन तथा महिला पर्स में रखे 7-8 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 76/26 धारा 126(2), 309(4), 3, 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में थाना प्रभारी रतनपुर के नेतृत्व में टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस टीम ने आरोपियों को जिला कोरिया एवं अंबिकापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि प्रार्थी द्वारा तंत्र-मंत्र एवं पूजा-पाठ से पैसे बढ़ाने के लालच में उनसे 2.5 लाख रुपये ठगी किए गए थे। राशि वापस न मिलने पर आरोपियों ने अपनी क्रेटा और अर्टिगा कार से पीछा कर रतनपुर के ग्राम मदनपुर के पास नेशनल हाईवे पर मारपीट करते हुए कार, मोबाइल और नकदी लूट ली।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विद्यादास महंत (43 वर्ष), निवासी सीतापुर खड़गांव, जिला सरगुजा
  2. रामसुंदर (32 वर्ष), निवासी बनखेता खरवर, थाना चरचा, जिला कोरिया
  3. राजीव कुमार सिंह (37 वर्ष), निवासी हर्रापारा, बैकुंठपुर, जिला कोरिया
  4. गुलशन कुजुर (47 वर्ष), निवासी चरचा कालरी, जिला कोरिया

बरामदगी

  • स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 19 BE 3400
  • 03 मोबाइल फोन
  • नकद 8,000 रुपये
  • घटना में प्रयुक्त 01 क्रेटा व 01 अर्टिगा कार
  • 04 अतिरिक्त मोबाइल फोन

आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस की चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (उप पुलिस महानिरीक्षक) ने स्पष्ट किया है कि झाड़-फूंक या तंत्र-विद्या के नाम पर पैसे दोगुना करने का झांसा देने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठोतिया, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक शशिकांत तिवारी, मनीष जायसवाल और देवानंद चंद्राकर का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!