सीआईएल अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025–26 का भव्य समापन, एसईसीएल ने जीता खिताब

0
IMG-20260207-WA0809.jpg

बिलासपुर । स्व. बी.आर. यादव अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैदान, बहतराई में आयोजित कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) अंतर-कंपनी हॉकी प्रतियोगिता 2025–26 का समापन शनिवार को उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के तत्वावधान में किया गया, जिसमें कोल इंडिया की विभिन्न अनुषंगी कंपनियों की टीमों ने भाग लिया।

फाइनल मुकाबले में एसईसीएल और सीसीएल की टीमें आमने-सामने रहीं। खचाखच भरे स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में एसईसीएल की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। शानदार तालमेल, तेज गति और मजबूत रक्षा के दम पर एसईसीएल ने सीसीएल को 6–1 के बड़े अंतर से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के कौशल और अनुशासन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समापन समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि तथा निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एसईसीएल टीम और उपविजेता सीसीएल टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों में टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं।

इस अवसर पर हॉकी छत्तीसगढ़ के सचिव मनीष श्रीवास्तव, हॉकी बिलासपुर के अध्यक्ष रोहताश्व बाजपेयी, कोल इंडिया वेल्फेयर बोर्ड के सदस्य, एसईसीएल संचालन समिति के सदस्य, एसईसीएल कल्याण मंडल, मुख्यालय एवं क्षेत्रीय जेसीसी सदस्य, क्षेत्रीय कल्याण समिति के सदस्य, विभिन्न काउंसिल व एसोसिएशन के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के दौरान खेले गए तीसरे स्थान के मुकाबले में एनसीएल की टीम ने प्रभावी खेल का प्रदर्शन करते हुए एमसीएल को पराजित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समापन अवसर पर आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी टीमों, निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। यह प्रतियोगिता कोल इंडिया परिवार की एकजुटता, खेल संस्कृति और आपसी समन्वय का सशक्त उदाहरण बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!