ग्राम तितरी में जल अर्पण दिवस का आयोजनजल संरक्षण के संदेश के साथ निकली जागरूकता रैली, हर घर जल योजना की उपलब्धि का उत्सव

0
IMG-20260209-WA0583.jpg

कवर्धा। कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला अंतर्गत ग्राम तितरी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत जल अर्पण दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्ण एवं हस्तांतरित जल आपूर्ति प्रणाली को ग्राम पंचायत को औपचारिक रूप से सौंपना, नल जल योजना के संचालन एवं संधारण में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना तथा हर घर जल योजना की उपलब्धि का उत्सव मनाना रहा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि, सरपंच, ग्रामवासी, स्कूली बच्चे एवं पीएचई विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित परिसंपत्तियों—पानी टंकी, बोर पंप एवं स्विच रूम—की विधिवत पूजा-अर्चना कर जलबंधन किया गया। इसके पश्चात पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जल संरक्षण का संदेश देती जागरूकता रैली ग्राम में निकाली गई। रैली के दौरान प्रत्येक घरेलू नल कनेक्शन से एक-एक बाल्टी पानी का दान किया गया, जिसका उपयोग पौधारोपण में किया गया। यह पहल जल बचाने और प्रकृति संरक्षण का सशक्त संदेश बनी।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत, जल संरक्षण एवं जनभागीदारी पर आधारित लोकगीतों पर नृत्य और नुक्कड़ नाटक की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा। वहीं ग्राम के पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता जांच के लिए एफटीके किट से जल परीक्षण का प्रदर्शन किया गया तथा ग्राम पंचायत को एफटीके किट भी प्रदान की गई। पीएचई विभाग के अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण पेयजल संचालन एवं संधारण नियम 2024 की जानकारी देते हुए जल जीवन मिशन के तहत जल सेवा आंकलन प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया।

अधिकारियों ने पेयजल सेवाओं की निरंतरता, गुणवत्ता, पर्याप्त मात्रा और प्रभावी संचालन-संधारण पर विशेष जोर दिया। इस दौरान जल संरक्षण एवं हर घर जल योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत तितरी को नल जल योजना से संबंधित आधिकारिक हस्तांतरण दस्तावेज सौंपे गए। योजना के बेहतर संचालन-संधारण के लिए ग्राम पंचायत को सम्मानित किया गया, वहीं सक्रिय भूमिका निभाने पर ग्राम सचिव उपदेश मेरावी एवं पंप ऑपरेटर धनसिंह मेरावी को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण कर कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति राजकुमार मेरावी, कपूरचंद ठाकरे, सरपंच बिरोबाई मेरावी, उपसरपंच पुष्पाबाई धुर्वे, एसडीओ पीएचई गोपाल प्रसाद ठाकुर, उप अभियंता टोमन लाल कुंजाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!