मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी को 251 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगेसरदार पटेल मैदान में होगा भव्य सामूहिक विवाह, पुरानी मंडी से निकलेगी बारात
रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह


कवर्धा। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत कबीरधाम जिले में 10 फरवरी को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सरदार पटेल मैदान, कवर्धा में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 251 जोड़े शुभ मुहूर्त में वैवाहिक बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत करेंगे। यह आयोजन सामाजिक समरसता और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को संबल देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद संतोष पाण्डेय तथा पंडरिया विधायक भावना बोहरा की विशेष उपस्थिति रहेगी, जो नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। इसके अलावा गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बिशेसर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. सियाराम साहू, मोतिराम चंद्रवंशी, अशोक साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि समारोह में शामिल होंगे।


कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कार्यक्रम की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा वर-वधू एवं उनके परिजनों के लिए पृथक आवास, भोजन, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही उनके निवास स्थान से विवाह स्थल तक आवागमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी ने बताया कि विवाह समारोह की शुरुआत सुबह से ही पटेल मैदान में होगी। सुबह 8 बजे पुरानी मंडी से दूल्हों की भव्य बारात निकलेगी, जो सिग्नल चौक होते हुए गांधी मैदान के पास स्वागत कार्यक्रम के उपरांत विवाह स्थल पहुंचेगी। पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्य, सभापति, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे और नवदंपतियों को आशीर्वाद देंगे। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संदेश देगा, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखेगा।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



