किसान मेला का उद्देश्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कवर्धा। जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल एवं बैगा बाहुल्य क्षेत्र तरेंगांव जंगल में आयोजित जिला स्तरीय किसान मेला में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि दूरस्थ अंचलों में किसान मेला आयोजित करने का उद्देश्य शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इससे वनांचल के किसान भी आधुनिक खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे।


उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है और मुख्यमंत्री के निर्णय के अनुसार जिन किसानों ने धान बेचा है, उन्हें 3100 रुपये प्रति क्विंटल के मान से शेष अंतर राशि का भुगतान होली पर्व से पहले एकमुश्त किया जाएगा। इससे किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

उन्होंने किसानों को बहुफसली खेती अपनाने, वर्मी कम्पोस्ट और जैविक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया। आजीविका डबरी योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इससे जल संरक्षण के साथ मछली पालन, सब्जी उत्पादन और पशुपालन से अतिरिक्त आय संभव है।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, उत्कृष्ट कृषकों को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री और सहायता राशि का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में किसान और जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



