हर घर जल योजना से ग्राम कन्हारी में बदली पेयजल की तस्वीर

0
IMG-20260213-WA0798.jpg

घर-घर नल जल पहुंचने से सुदूर वनांचल में आसान हुआ जीवन

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल एवं बैगा जनजाति बहुल ग्राम कन्हारी में जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर जल योजना ने पेयजल की तस्वीर ही बदल दी है। अब गांव के प्रत्येक घर में नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध और पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हुआ है।

योजना के लागू होने से पहले ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को पानी के लिए दूर स्थित कुओं, नालों और हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था। पानी लाने में प्रतिदिन कई घंटे खर्च हो जाते थे, जिसका सीधा असर स्वास्थ्य, शिक्षा और घरेलू कार्यों पर पड़ता था। अब घर-घर नल जल पहुंचने से यह समस्या समाप्त हो गई है। महिलाओं का समय बच रहा है, जिसे वे बच्चों की पढ़ाई, परिवार और आजीविका से जुड़े कार्यों में उपयोग कर पा रही हैं।

शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से गांव में जलजनित बीमारियों में भी कमी आई है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिल रहा है, जिससे इलाज पर होने वाला खर्च भी घटा है। ग्रामीणों में सुविधा, सुरक्षा और सम्मान की भावना बढ़ी है।

ग्राम कन्हारी में यह योजना ग्राम पंचायत, जल समिति और ग्रामीणों की सहभागिता से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। जल व्यवस्था के रखरखाव और संचालन में ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित हो रही है। हर घर जल योजना ने न केवल पेयजल की सुविधा दी है, बल्कि जनजातीय क्षेत्र में समग्र विकास और बेहतर जीवन की दिशा में एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!