पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला में फीफा फुटबॉल वितरण कार्यक्रम संपन्न।

0
IMG-20260213-WA0802.jpg

रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह

कवर्धा। पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला में 12 फरवरी 2026 को फीफा फुटबॉल वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा फीफा के सहयोग से संचालित “फुटबॉल फॉर स्कूल” पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।

निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कबीरधाम जिले के 25 शासकीय एवं निजी विद्यालयों को फुटबॉल वितरित किए गए। कार्यक्रम का नेतृत्व जवाहर नवोदय विद्यालय उड़ियाकला के नोडल प्राचार्य एन. के. लांजेवार ने किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा तथा एस. के. यदु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। फुटबॉल जैसे खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों के समन्वय पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत सभी 25 विद्यालयों से आए विद्यार्थियों के बीच फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में संजय किशोर (पीजीटी हिंदी), शारीरिक शिक्षक हरिशंकर साहू, चंद्रकांत यादव (संगीत शिक्षक) सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। अंत में वरिष्ठ शिक्षक एस. के. मिश्रा ने आभार व्यक्त किया। यह आयोजन जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!