विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा: रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक गूंजा ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश
मुंगेली | रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा के दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का संदेश पूरे मार्ग में गूंजता रहा। पदयात्रा का उद्देश्य समाज में समानता, भाईचारा, सद्भाव और मानवता के मूल सिद्धांतों को सशक्त रूप से आगे बढ़ाना रहा। इस पदयात्रा में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सतनाम समाज के लोग शामिल हुए। श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए सतनाम पंथ के आदर्शों और गुरु घासीदास बाबा के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह समाजसेवियों और स्थानीय लोगों द्वारा स्वागत एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई। पदयात्रा में मुंगेली जिले से सतनाम सेना युवा अध्यक्ष नेमसिंह बोगी बारमते की विशेष सहभागिता रही। उन्होंने पदयात्रा में शामिल होकर सामाजिक समरसता और समान अधिकार के संदेश को मजबूती से आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सतनाम सद्भाव पदयात्रा समाज को जोड़ने और भेदभाव समाप्त करने की दिशा में एक मजबूत पहल है। पदयात्रा के दौरान युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सभी ने एक स्वर में समानता, न्याय और मानवता के पक्ष में संकल्प लिया। गिरौदपुरी धाम पहुंचकर पदयात्रा का समापन सतनाम दर्शन और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ। आयोजकों के अनुसार इस तरह की पदयात्राएं समाज में सकारात्मक सोच, आपसी भाईचारे और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देती हैं। विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा ने यह संदेश दिया कि समाज तभी आगे बढ़ेगा, जब हर व्यक्ति को समान सम्मान और अधिकार मिलेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




