पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल ने दिये बलवा ड्रिल में आवश्यक सुधार के निर्देश

0
IMG-20260220-WA0858

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर – कमिश्नरेट , पुलिस लाईन रायपुर में आयोजित जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर की उपस्थिति में पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों का बलवा ड्रिल अभ्यास डॉ. संजीव शुक्ला, पुलिस कमिश्नर, कमिश्नरेट रायपुर के मार्गदर्शन में आज पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल द्वारा उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों की वेशभूषा का निरीक्षण किया गया। तदोपरांत अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर रायपुर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में दंगों की स्थिति में कानून-व्यवस्था स्थापित करने हेतु बलवा ड्रिल का पूर्वाभ्यास कराया गया। बलवा ड्रिल अभ्यास के दौरान परेड में सम्मिलित अधिकारी/कर्मचारियों की विभिन्न पार्टियाँ गठित की गईं जिनमें प्रदर्शनकारी दल , कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं सहायक , अश्रुगैस पार्टी , केन पार्टी , लाठी पार्टी , रिजर्व पार्टी , गिरफ्तारी पार्टी , राइफल पार्टी सहित प्राथमिक उपचार पार्टी , रिपोर्टर , फोटो ग्राफर , पुलिस मुखबिर भी शामिल रहीं। सभी पार्टियों द्वारा समन्वित एवं अनुशासित ढंग से बलवा ड्रिल का प्रदर्शन करते हुये प्रभावी पूर्वाभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-01 (क्राइम एवं साइबर) गौरव मंडल , अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) आकाश मरकाम , सहायक पुलिस कमिश्नर राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल , सहायक पुलिस कमिश्नर लाईन , रायपुर नीलेश कुमार द्विवेदी एवं रक्षित निरीक्षक अनीश सारथी के द्वारा अधिकारी/कर्मचारियों को उग्र भीड़ की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों , सतर्कता एवं दायित्वों के निर्वहन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही नवीन कानून भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता में वर्णित प्रासंगिक धाराओं एवं वैधानिक प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल द्वारा अभ्यास के दौरान बल का नेतृत्व मुस्तैदी एवं दक्षता से किये जाने पर संतोष व्यक्त किया गया तथा ड्रिल में आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिये गये। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा धारण करने वाले अधिकारी एवं जवानों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया , वहीं निर्धारित वेशभूषा संतोषजनक ना पाये जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को चेतावनी दी गई। इसके उपरांत पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) द्वारा पुलिस लाईन परेड ग्राउंड में ओ.आर. पेशी लेकर लंबित प्रकरणों का निराकरण भी किया गया। जनरल परेड का उद्देश्य पुलिस बल के व्यावसायिक ज्ञान , समन्वय क्षमता एवं आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया कौशल का विकास करना रहा। उक्त अभ्यास में जिला रायपुर के राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी , कर्मचारी तथा प्रशिक्षु महिला/पुरुष आरक्षक सहित कुल 530 अधिकारी/कर्मचारी सम्मिलित हुये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!