पुलिस परिवार की बेटियों ने बढ़ाया मान, सिविल जज बनी स्वाति पैकरा का आईजी ने किया सम्मान
बिलासपुर। पुलिस परिवार के लिए गर्व और खुशी का पल उस समय देखने को मिला, जब विशेष शाखा में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतलोक साय पैकरा की सुपुत्री कुमारी स्वाति पैकरा के प्रथम प्रयास में सिविल जज चयनित होने पर पुलिस महानिरीक्षक ने उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान समारोह दिनांक 24 फरवरी 2026 को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित किया गया।
आईजी श्री गर्ग ने स्वाति पैकरा को पुष्पगुच्छ और स्मरणिका भेंट कर आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जीवन में कठिनाइयां अवश्य आती हैं, लेकिन ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। बेटी की इस उपलब्धि को देखकर उनके पिता भावुक और गर्वित नजर आए।
स्वाति पैकरा बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने डी.पी. विप्र कॉलेज से बीए एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बाद पहले ही प्रयास में सिविल जज परीक्षा उत्तीर्ण कर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। चयन के बाद वे अपने पिता और जोनल पुलिस अधीक्षक के साथ आईजी कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी स्वाति पैकरा को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस परिवार की बेटी को न्यायाधीश के रूप में देखना पूरे विभाग के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
कार्यक्रम में एक और पुलिस परिवार की प्रतिभाशाली बेटी कु. संध्या कौशिक को भी सम्मानित किया गया। वे प्रधान आरक्षक (चालक) उमाकांत कौशिक की सुपुत्री हैं। संध्या ने 12वीं कक्षा में प्रदेश में सर्वोच्च अंक प्राप्त किए, इसके बाद नीट में चयनित होकर , बिलासपुर से एमबीबीएस किया। एमबीबीएस में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर उन्हें कुल पांच गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वे केयर हॉस्पिटल हैदराबाद में रेडियोलॉजी में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं। इस उपलब्धि पर आईजी श्री गर्ग ने उनके पिता को भी स्मरणिका भेंट कर सम्मानित किया।
जोनल पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपमाला कश्यप ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) ने भी स्वाति पैकरा के सिविल जज में चयन और संध्या कौशिक की शैक्षणिक उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों बेटियों और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है।
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कठिन ड्यूटी और सीमित समय के बावजूद पुलिस परिवार के बच्चे शिक्षा और करियर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। स्वाति पैकरा और संध्या कौशिक की सफलता से पूरा पुलिस परिवार स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




