निराशाजनक बजट से जनता में मायूसी, किसान-युवा-व्यापारी ठगे गए : अशोक चंद्राकर
मुंगेली । छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बजरंग ट्रेक्टर्स मुंगेली के संचालक एवं लोरमी के पूर्व जनपद सदस्य अशोक चंद्राकर ने इसे पूरी तरह निराशाजनक और जनविरोधी करार देते हुए कहा कि यह बजट सिर्फ कागजी आंकड़ों का पुलिंदा है, जिससे आम जनता को कोई वास्तविक राहत नहीं मिलने वाली।
अशोक चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश का किसान पहले से ही महंगाई, खाद-बीज, डीजल और बिजली के बढ़ते दामों से परेशान है, लेकिन बजट में किसानों की आय बढ़ाने या लागत घटाने के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। न तो फसल समर्थन मूल्य को लेकर कोई स्पष्ट नीति है और न ही सिंचाई एवं कृषि संसाधनों को सशक्त करने की दिशा में कोई बड़ा कदम उठाया गया।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार इस बजट में केवल भाषणों तक सीमित है। सरकारी भर्तियों, तकनीकी प्रशिक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कोई ठोस रोडमैप नहीं दिखता। बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं को इस बजट से भारी निराशा हाथ लगी है।
अशोक चंद्राकर ने छोटे व्यापारियों और ग्रामीण कारोबारियों की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि व्यापार को गति देने, आसान ऋण, टैक्स राहत और बाजार सुविधाओं के लिए बजट में कोई प्रभावी योजना नहीं है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कमजोर होगी।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे अहम क्षेत्रों में भी सरकार पूरी तरह विफल नजर आई है। सरकारी स्कूलों, अस्पतालों, सड़क, पेयजल और ग्रामीण विकास के लिए पर्याप्त बजट न होने से आम जनता की समस्याएं और बढ़ेंगी।
अंत में अशोक चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस इस जनविरोधी और निराशाजनक बजट का विरोध करती है और आने वाले समय में जनता के हक के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह बजट पर पुनर्विचार कर किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के हित में ठोस कदम उठाए।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




