बदमाशों की क्लास : अपराध से तौबा करो, नहीं तो होगी कठोर कार्रवाई — एसएसपी शशि मोहन सिंह

0
IMG-20260226-WA0572

100 से अधिक निगरानी, गुंडा व आदतन बदमाशों की परेड, पुलिस कार्यालय में दी गई अंतिम चेतावनी

नशा मुक्ति, पुनर्वास और रोजगार में सहयोग का भरोसा, होली से पहले सख्त संदेश

रायगढ़ जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आदतन अपराधियों को अपराध की दुनिया से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ने सख्त लेकिन सुधारात्मक पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस कार्यालय में 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में दर्ज तत्वों, सजायाफ्ता एवं संदिग्ध प्रवृत्ति के व्यक्तियों की परेड कर उन्हें अंतिम चेतावनी दी गई।

एसएसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि सभी चिन्हित बदमाश अपराधों से तौबा कर सम्मानजनक जीवन की ओर लौटें। यदि इसके बाद भी किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या शिकायत सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


थानों में पहले, फिर एसपी कार्यालय में हुई बदमाशों की क्लास

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए एसएसपी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए थे कि थानों के अभिलेखों में दर्ज निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची के व्यक्तियों, सजायाफ्ता एवं संदिग्ध अपराधियों को तलब कर उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी जाए। निर्देशों के तहत पहले थानों में बदमाशों की क्लास ली गई, इसके बाद आज सभी को पुलिस कार्यालय बुलाकर सामूहिक रूप से समझाइश दी गई।


सुधार का मौका, लेकिन दोबारा गलती पर सख्ती तय

एसएसपी श्री सिंह ने कहा कि पुलिस ऐसे लोगों को सुधार का अवसर दे रही है। नशा, बुरी संगत और अपराध छोड़कर वे अपने जीवन की नई शुरुआत कर सकते हैं। हालांकि, यदि कोई व्यक्ति पुनः अपराध में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


नशा मुक्ति, पुनर्वास और रोजगार में सहयोग का आश्वासन

एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि जो लोग नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें समाज कल्याण विभाग एवं पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से सहायता दिलाई जाएगी। वहीं रोजगार की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को उनकी योग्यता के अनुसार काम दिलाने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय कर सहयोग किया जाएगा, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

इस दौरान कुछ व्यक्तियों ने यह भी बताया कि उनके विरुद्ध लंबे समय से कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। इस पर एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अभिलेखों का सत्यापन कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


होली से पहले सख्त चेतावनी

होली पर्व को देखते हुए एसएसपी ने सभी निगरानी एवं आदतन बदमाशों को विशेष रूप से आगाह किया कि वे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, गुंडागर्दी, छेड़खानी या अन्य आपराधिक कृत्यों से दूर रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में एसएसपी ने बदमाशों से अपने पूर्व कृत्यों पर पश्चाताप कर अपराध छोड़ने और पुलिस के सहयोगी बनने का आह्वान किया। इस पर उपस्थित सभी व्यक्तियों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाए।


कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह, नगर निरीक्षक सुखनंदन पटेल, निरीक्षक प्रशांत राव, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू सहित थाना कोतवाली, कोतरारोड, जूटमिल, पूंजीपथरा, खरसिया एवं पुसौर के थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!