किसानों की समृद्धि से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

0
IMG-20260227-WA0631

होली से पहले किसानों को मिलेगी 10 हजार करोड़ से अधिक की धान अंतर राशि

मुख्यमंत्री को धान से तौलकर किसानों ने जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि अन्नदाता देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और किसानों की समृद्धि व खुशहाली से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री से गुरुवार को उनके निवास कार्यालय में प्रदेशभर से आए किसानों ने सौजन्य मुलाकात की और कृषक उन्नति योजना के तहत धान के अंतर की राशि होली से पहले खातों में अंतरित किए जाने के निर्णय पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री को धान से तौलकर प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री सदैव किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हैं और उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसानों की उन्नति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।

किसान हित में ऐतिहासिक फैसले

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में किसान क्रेडिट कार्ड जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था लागू की गई, जिससे किसानों को कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध हुआ। इससे पहले किसान महाजनों के ऊंचे ब्याज के कर्ज के बोझ में दबे रहते थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसानों को ब्याज मुक्त पूंजी की सुविधा मिल रही है और प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के माध्यम से खेतों तक पानी पहुंच रहा है, जिससे सिंचाई रकबा लगातार बढ़ रहा है।

NTPC World Environment Day

3100 रुपए क्विंटल की दर से धान खरीदी

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीद कर रही है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि होली से पहले किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।

28 फरवरी को बिलासपुर से होगा राशि अंतरण

मुख्यमंत्री ने बताया कि 28 फरवरी को जिले में राज्य स्तरीय राशि अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर को प्रदेश के सभी विकासखंडों में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आगे भी किसानों के हित में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित प्रदेशभर से आए किसान उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!