12 चक्का ट्रक चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 16 लाख का वाहन बरामद

0
IMG-20260307-WA0365

रायपुर। थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने 12 चक्का ट्रक चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख रुपये कीमत का चोरी हुआ ट्रक भी बरामद कर लिया है। आरोपियों को घटना की सूचना मिलने के महज चार घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार अमलीडीह न्यू राजेंद्र नगर निवासी मीना निर्मलकर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके नाम से टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीसी 9172 पंजीकृत है, जिसे उनके पति वीरेंद्र निर्मलकर चलाते हैं। होली त्योहार के कारण 2 मार्च को उनके पति ने ट्रक को काली माता मंदिर के पास मेन रोड न्यू राजेंद्र नगर में खड़ा किया था। 6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब वह ट्रक देखने पहुंचे तो वाहन वहां से गायब था। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रक चोरी कर ले जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 103/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थिया, उसके पति और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा क्षेत्र और टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ट्रक को चलाकर ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज क्रमवार जांचते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। साथ ही एसीसीयू रायपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सलीहा पुलिस और महासमुंद पुलिस से समन्वय स्थापित कर तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर रायपुर निवासी रितेश दास उर्फ माईकल (26) और बजरंगी परिहार (19) की पहचान की गई। दोनों आरोपियों को थाना सलीहा क्षेत्र (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) से चोरी हुए ट्रक के साथ पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीसी 9172, जिसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई जा रही है, जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बजरंगी परिहार पूर्व में भी चोरी के मामले में बाल संप्रेषण गृह माना में निरुद्ध रह चुका है।

इस कार्रवाई में थाना न्यू राजेंद्र नगर के थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र चौरे, आरक्षक शाबिर खान, एसीसीयू रायपुर के सहायक उपनिरीक्षक मंगलेश परिहार और उनकी टीम के साथ सलीहा पुलिस (सारंगढ़-बिलाईगढ़) तथा महासमुंद पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!