धान खरीदी केंद्र में करोड़ों की गड़बड़ी का पर्दाफाश, 28.51 लाख के गबन में तीन आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर। जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सेवा सहकारी समिति मर्यादित, धान खरीदी केंद्र गतौरा में बड़े पैमाने पर हेराफेरी और गबन का मामला सामने आया है। बिलासपुर पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, मस्तुरी की ओर से थाना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि समिति प्रबंधक, प्राधिकृत अध्यक्ष, धान खरीदी प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए शासकीय धान का गबन किया गया है।
संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में पाया गया कि धान खरीदी केंद्र में 919.96 क्विंटल धान कम है। इस गड़बड़ी से शासन को कुल 28 लाख 51 हजार रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित अधिकारियों ने जानबूझकर धान खरीदी में हेरफेर कर यह गबन किया।
मामले में पुलिस ने संस्था प्रबंधक कोमल प्रसाद चंद्रकार (46 वर्ष), प्राधिकृत अध्यक्ष राजेंद्र राठौर (64 वर्ष) एवं कंप्यूटर ऑपरेटर हुलेश्वर धीरही (38 वर्ष) को आरोपी बनाया। तीनों को उनके निवास स्थानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
थाना मस्तुरी में अपराध क्रमांक 213/2025 के तहत धारा 316(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दिनांक 3 अप्रैल 2026 को आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई से धान खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता बनाए रखने और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय योजनाओं में भ्रष्टाचार और अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




