नासिक में संत समिति की राष्ट्रीय बैठक सम्पन्न, महंत रामरूप दास महात्यागी बने छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष
रिपोर्टर ✒️ मनीष अग्रवाल
कुंभ तैयारी, धर्मांतरण व सामाजिक मुद्दों पर मंथन; संत समाज की एकजुटता पर जोर
सरगांव/नासिक । नासिक में आयोजित अखिल भारतीय संत समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक देशभर से आए संत, महंत, आचार्य एवं महामंडलेश्वरों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में लगभग 200 संत-महात्माओं ने भाग लिया, जहां विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर गहन चर्चा और विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में विशेष रूप से वर्ष 2027 के नासिक सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों, आंतरिक सुरक्षा, धर्मांतरण, लव जिहाद तथा हिंदू आचार संहिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया। साथ ही संत समाज से जुड़े अन्य विषयों पर भी व्यापक चर्चा करते हुए संगठन के सुदृढ़ीकरण और विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान संत समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविचलदेवाचार्य ने महंत रामरूप दास महात्यागी (श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू) को अखिल भारतीय संत समिति के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। इस घोषणा के साथ ही उपस्थित संतों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री जितेन्द्रानंद सरस्वती, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र पुरी, राजेंद्रदास, नरेन्द्र दास (राजनांदगांव), सर्वेश्वर दास (कोटमी सोनार), राधेश्याम दास (सेतगंगा, मुंगेली), जितेन्द्रानंद गिरी एवं राधे-राधे बाबा सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।
बैठक में संत समाज की एकजुटता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत समाज सदैव राष्ट्र और समाज के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है और भविष्य में भी यह परंपरा निरंतर जारी रहेगी।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महंत रामरूप दास महात्यागी ने संत समिति के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
इस उपलब्धि पर श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति मदकू एवं राधा कृष्ण मंदिर सेवा समिति मदकू के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए महंत रामरूप दास महात्यागी को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




