क्रेटा में घूम-घूमकर IPL सट्टा चला रहे तीन आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260406-WA0049-1200x1200


मोबाइल से हाईटेक सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 लाख से अधिक का सामान जब्त

जामुल/दुर्ग आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का खेल अब मैदान से निकलकर मोबाइल और चलती कार तक पहुंच गया था, लेकिन जामुल पुलिस ने इस हाईटेक नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी क्रेटा कार में घूम-घूमकर मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खेदामारा के नहर किनारे मैदान में कुछ युवक मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना जामुल पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।

दबिश के दौरान तीनों आरोपी “BET BHAI 9” नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहते थे और क्रेटा कार व स्कूटी के जरिए घूम-घूमकर इस अवैध कारोबार को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में डिकेश्वर सिन्हा उर्फ राजा (28 वर्ष, निवासी मठपारा जामुल), कुलेश्वर पटेल (28 वर्ष, निवासी खेदामारा जामुल) एवं दीपेश कुमार लहरी उर्फ सन्नी (23 वर्ष, निवासी गणेश नगर जामुल) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आईफोन 14 प्रो मैक्स सहित तीन मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार (CG07BF5311) एवं एक स्कूटी मेस्ट्रो (CG07CG7551) जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है। मोबाइल की जांच में करीब 2.5 से 3 लाख रुपये के ऑनलाइन लेनदेन के साक्ष्य भी मिले हैं, जिससे इस सट्टा नेटवर्क के बड़े स्तर पर संचालित होने का खुलासा हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5, 6, 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

इस कार्रवाई में जामुल पुलिस और ACCU टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी जानकारी और सटीक रणनीति के साथ पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टा अब केवल खेल नहीं बल्कि गंभीर अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले हर व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!