भिलाई इस्पात संयंत्र में टर्बाइन आग पर शीघ्र काबू, कोई जनहानि नहीं; भ्रामक खबरों का प्रबंधन ने किया खंडन
भिलाई भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने पावर एंड ब्लोइंग स्टेशन-2 स्थित स्टीम टर्बाइन जनरेटर-4 में 7 अप्रैल 2026 को लगी आग की घटना को लेकर प्रकाशित समाचारों पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कई खबरों को भ्रामक और अतिरंजित बताया है।
प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल को प्रातः लगभग 10:05 बजे टर्बाइन में आग लगने की घटना हुई थी, जिस पर संयंत्र की अग्निशमन सेवा ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग 11:10 बजे तक पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। घटना के दौरान सभी कर्मचारियों और श्रमिकों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया तथा किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अफरा-तफरी के बीच एक संविदा कर्मचारी को पैर में फ्रैक्चर की चोट आई, जबकि अन्य कर्मचारियों को एहतियातन चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। वर्तमान में सभी प्रभावित व्यक्तियों की स्थिति स्थिर और सुरक्षित बताई गई है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि घटना स्थल पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में है तथा उत्पादन और सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित “भीषण विस्फोट”, “कई गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारी” और “बड़ी जनहानि की आशंका” जैसे दावों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें अपुष्ट और भ्रामक बताया गया है।
संयंत्र प्रबंधन ने दोहराया कि सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों (Technical and Safety Standards) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


