नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में आरोपी गिरफ्तार कोतरारोड़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

0
IMG-20260414-WA0976

रायगढ़ रायगढ़ पुलिस के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष महंत (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस की सक्रियता से पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय की दिशा में राहत मिली है।


पड़ोसी की हरकतों से डरी नाबालिग ने परिजनों को बताई आपबीती

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को बालिका के परिजन थाना कोतरारोड़ पहुंचे और प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ दिनों से डरी-सहमी थी। पूछताछ करने पर उसने बताया कि पड़ोसी संतोष महंत पिछले चार-पांच दिनों से लगातार उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था।


अकेले पाकर करता था अश्लील हरकतें, दी धमकी

बालिका ने बताया कि 11 अप्रैल को जब उसके पिता ड्यूटी पर थे और मां जंगल लकड़ी लेने गई थी, तब वह घर के बाहर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे अकेला पाकर अश्लील हरकतें कीं और किसी को बताने पर धमकी भी दी।


महिला अधिकारी से बयान, मेडिकल के बाद आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी अजय नागवंशी ने तत्काल महिला पुलिस अधिकारी से बालिका का बयान दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण करवाया। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।


पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

कोतरारोड़ थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 117/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


महिला व बच्चों से जुड़े अपराधों पर जीरो टॉलरेंस

इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि महिला एवं नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर रायगढ़ पुलिस “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत कार्य कर रही है। ऐसे मामलों में आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!