रायपुर में नेचुरल गैस पाइपलाइन बिछाने की तैयारी तेज, निगम आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

0
IMG-20260421-WA1051

रायपुर। राजधानी रायपुर में जल्द ही नेचुरल गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू होने जा रहा है। भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की पहल पर अधिकृत एजेंसी हरियाणा सिटी गैस कंपनी के माध्यम से यह कार्य प्रारंभ किया जाएगा। फिलहाल परियोजना प्रारंभिक चरण में है और इसके क्रियान्वयन की तैयारी तेज कर दी गई है।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने निगम मुख्यालय में बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अपर आयुक्त पंकज शर्मा, नगर निवेश विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न जोनों के अभियंता उपस्थित रहे।

समन्वय के साथ होगा कार्य, एनओसी अनिवार्य

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी पाइपलाइन बिछाने से पहले नगर निगम से विधिवत एनओसी लेना और निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। उन्होंने एजेंसी को निर्देशित किया कि नगर निगम के जल विभाग और नगर निवेश विभाग के साथ समन्वय बनाकर ही कार्य किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

पेयजल पाइपलाइन को नुकसान न पहुंचे

गर्मी के मौसम को देखते हुए आयुक्त ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान शहर की पेयजल पाइपलाइन किसी भी स्थिति में क्षतिग्रस्त नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को पानी की समस्या न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए।

खुदाई के बाद तुरंत सड़क मरम्मत के निर्देश

नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि जहां-जहां सड़क खोदी जाएगी, वहां तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य किया जाए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुधार में देरी न हो, ताकि आम जनता को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनहित में महत्वपूर्ण परियोजना

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह परियोजना भारत सरकार की जनहितैषी योजना के तहत लागू की जा रही है, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ और सुलभ ईंधन की सुविधा मिलेगी।

प्राथमिकता से होगा कार्यान्वयन

आयुक्त विश्वदीप ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि हरियाणा सिटी गैस एजेंसी के साथ समन्वय रखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

इस परियोजना के शुरू होने से रायपुर में ऊर्जा के स्वच्छ विकल्प को बढ़ावा मिलेगा और शहर के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!