मुंगेली में जर्जर सड़क को लेकर कांग्रेस का अल्टीमेटम, 7 दिन में मरम्मत नहीं तो चक्काजाम

0
IMG-20260429-WA0790

पंडरिया रोड की बदहाल स्थिति पर प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

मुंगेली। इन्द्रजीत सिंह कुरें (अधिवक्ता), प्रदेश महामंत्री, छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस ने मुंगेली जिले की जर्जर सड़कों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित मरम्मत की मांग की है। उन्होंने मुंगेली-पंडरिया मार्ग स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल से चातरखार तक सड़क की स्थिति को अत्यंत खराब बताते हुए तत्काल सुधार की जरूरत जताई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि यह मार्ग जिले के प्रमुख रास्तों में शामिल है, लेकिन वर्तमान में इसकी हालत बेहद चिंताजनक हो चुकी है। सड़क पर हर 2 से 4 फीट की दूरी पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे रोजाना आम लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। खासकर स्कूली बच्चों को इस मार्ग से गुजरना पड़ता है, जिससे पालकों को अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता बनी रहती है।

आरोप लगाया गया है कि खराब सड़क के कारण ऑटो और अन्य वाहन आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं और कई बार पलट भी रहे हैं। वहीं, इस मार्ग पर स्थित व्यापारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि लोग इस रास्ते से आना-जाना कम पसंद कर रहे हैं। बारिश या पानी भरने की स्थिति में गड्ढे और अधिक खतरनाक हो जाते हैं, जिससे जान-माल का खतरा लगातार बना रहता है।

इन्द्रजीत सिंह कुरें ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 7 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी एवं आम नागरिकों के साथ मिलकर उक्त मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी मुंगेली सहित विष्णु देव साय, तोखन साहू, अरुण साव और पुन्नूलाल मोहले को भी सूचनार्थ भेजी गई है, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!