मनरेगा से मंडप पारा में हुआ कूप निर्माण,
सिंचाई सुविधा विस्तार होने से किसान ले रहे हैं विविध फसल
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और ग्रामीण विकास को समर्पित प्रयासों के तहत बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत रामनगरकला के मण्डपपारा में मनरेगा योजना अंतर्गत निर्मित कूप आज ग्रामीणों के लिए आजीविका और जल उपलब्धता का आधार बनकर उभरा है।
विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम पंचायत रामनगरकला के मण्डपपारा में कूप निर्माण ग्रामीणों के जीवन में बेहतर आजीविका का साधन बन गया है। जहां कभी पानी की भारी किल्लत थी, वहीं आज कूप ग्रामीणों के लिए जीवनदायिनी बन चुकी है।
मण्डपपारा के निवासी सुमन्त हालदार ने ग्राम सभा में कूप निर्माण की मांग रखी थी। इस क्षेत्र में भूमिगत जल स्तर कम होने के कारण गर्मी के दिनों में सिंचाई के लिए गंभीर समस्या बनी रहती थी। ग्रामीणों को छोटे जलस्रोत पर निर्भर रहना पड़ता था और सिंचाई के लिए कोई स्थायी साधन उपलब्ध नहीं था।
ग्रामसभा में सर्वसम्मति से कूप निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद जनपद पंचायत बलरामपुर में तकनीकी परीक्षण कर 2.98 लाख रुपए की लागत से कूप निर्माण का प्राक्कलन तैयार किया गया। महात्मा गांधी नरेगा योजना के अंतर्गत इस कार्य को वित्तीय स्वीकृति मिली और वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया।
कूप से लगभग 2.50 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई का प्रमुख साधन बन गया है। इससे किसानों को अब फसलों के लिए वर्षा पर निर्भर नहीं रहना पड़ता, जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं भी बढ़ी हैं। कूप निर्माण के दौरान मण्डपपारा के ग्रामीणों के लिए मनरेगा से 492 मानव दिवस का सृजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों को रोजगार के साथ अतिरिक्त आमदनी भी प्राप्त हुई। कूप से 8 किसानों का लगभग 2.5 एकड़ भूमि में सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ।
कूप से लाभ ले रहे सुमंत हालदार बताते हैं कि कूप निर्माण हो जाने से अब वे धान के अलावा विविध फसल भी ले रहे हैं। उन्होंने मक्का और आलू से लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये का आय अर्जित किया, जिससे उनकी जीवन में आर्थिक सुधार हुआ है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
