उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अटलजी की मूर्ति का किया अनावरण
कोपरा में 1.5 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
श्री साव ने 22.50 करोड़ के नए कार्यों की घोषणा की
रायपुर । उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज कोपरा नगर पंचायत में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने 20 लाख रुपए की लागत से वार्ड क्रमांक-13 में निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया। विधायक रोहित साहू और राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में डेढ़ करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण भी किया। उन्होंने कोपरा नगर पंचायत में अधोसंरचना मद से विभिन्न वार्डों में हो रहे 75 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 53 लाख 72 हजार रुपए की लागत से बनने वाले संग्रहण केंद्र का भी भूमिपूजन किया।

श्री साव ने कार्यक्रम में कोपरा नगर पंचायत के कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपए तथा मूलभूत विकास एवं विस्तार के लिए 1 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने पेयजल के लिए 21 करोड़ रुपए लागत के जल आवर्धन योजना की भी घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कोपरा के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। नगर पंचायत कोपरा ने बहुत ही कम समय में व्यवस्थित विकास किया है। यहां के अटल चौक को अटल परिसर के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कोपरा को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित बनाने की अपील की।

श्री साव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतरत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कारण ही छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हो पाया। अटलजी ने छोटे राज्यों को अधिक विकास के अवसर देने की सोच के साथ छत्तीसगढ़ को एक नई पहचान दी। उनके नेतृत्व और दूरदृष्टि ने प्रदेश को विकास की मजबूत दिशा प्रदान की। छत्तीसगढ़ में अटलजी के योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा, उनके कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता।

राजिम के विधायक रोहित साहू ने कहा कि कोपरा में अटलजी की प्रतिमा की स्थापना गर्व की बात है। डबल इंजन की सरकार में केंद्र एवं राज्य की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी सड़क, पुल-पुलिया, शासकीय भवन एवं फोरलेन निर्माण जैसे विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजिम क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए हमारी सरकार बनने के 2 वर्ष की अल्पावधि में 500 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके है।
राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू और कोपरा नगर पंचायत के अध्यक्ष रूपनारायण साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। राजिम नगर पालिका के अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष तारिणी सेन, जिला पंचायत सदस्य शिवांगी चतुर्वेदी, जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, अनिल चंद्राकर, आशीष शर्मा, अजय रोहरा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
