उच्च जोखिम गर्भवती महिला के सुरक्षित प्रसव के लिए आयुष्मान ऑपरेटर ने किया रक्तदान
परिवार के सदस्य पीछे हटे तो स्वास्थ्यकर्मी ने निभाई मानवता की मिसाल, जिला अस्पताल में कराया रक्त चढ़ाने के लिए प्रेरित
मुंगेली । मुंगेली जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दशरंगपुर में मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली, जहां एक उच्च जोखिम गर्भवती महिला के सुरक्षित प्रसव के लिए आयुष्मान ऑपरेटर पुष्पकांत सिंह ठाकुर ने रक्तदान कर उसकी मदद की। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
जांच में सामने आई गंभीर एनीमिया की स्थिति
जानकारी के अनुसार ग्राम दशरंगपुर निवासी गर्भवती महिला प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत एएनसी जांच कराने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दशरंगपुर पहुंची थी। यहां स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच के दौरान महिला का हीमोग्लोबिन स्तर मात्र 6 ग्राम पाया गया। इसके बाद उसे गंभीर रक्ताल्पता यानी हाई रिस्क प्रेग्नेंसी श्रेणी में चिन्हित किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दशरंगपुर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी बंजारे एवं स्टाफ नर्स विभा एक्का ने गर्भवती महिला और उसके परिजनों को खून की कमी से होने वाले खतरे और सुरक्षित प्रसव के लिए तत्काल रक्त चढ़ाने की आवश्यकता के बारे में समझाया।
परिवार के लोग नहीं हुए तैयार
स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद महिला के परिवार का कोई भी सदस्य रक्तदान के लिए आगे नहीं आया। इसके चलते गर्भवती महिला ने भी खून चढ़वाने में असमर्थता जताई। स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ आयुष्मान ऑपरेटर पुष्पकांत सिंह ठाकुर ने मानवता का परिचय देते हुए स्वयं रक्तदान करने का निर्णय लिया।
उनके रक्तदान से गर्भवती महिला को आवश्यक सहायता मिल सकी, जिससे सुरक्षित प्रसव और जच्चा-बच्चा दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
स्वास्थ्य टीम ने घर पहुंचकर किया प्रेरित
इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी बंजारे, सरपंच लक्ष्मीचंद मोहले, लैब टेक्नीशियन जितेंद्र सिंह ठाकुर, एलएचवी रामारानी दान और सुपरवाइजर महेंद्र कश्यप ने गर्भवती महिला के घर पहुंचकर परिजनों को जिला अस्पताल मुंगेली जाकर रक्त चढ़वाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान और उचित उपचार से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। वहीं पुष्पकांत सिंह ठाकुर के इस सराहनीय कार्य की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
