बैज कांग्रेस की डूबती नैया और गुटबाजी को पहले सम्भालें : नलिनीश ठोकने

0
IMG-20260416-WA1221

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए इसे हास्यास्पद और हताशा से भरा बताया है। श्री ठोकने ने कहा कि जो व्यक्ति पिछले तीन वर्षों में अपनी प्रदेश कार्यसमिति तक का गठन नहीं कर सका, वह भाजपा के संगठन और अनुशासित बैठकों पर टिप्पणी करने का दुस्साहस कर रहा है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठोकने ने कहा कि कांग्रेस आज गुटबाजी के दलदल में इस कदर धंसी हुई है कि हर नेता खुद को आलाकमान से बड़ा समझता है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के लिए कांग्रेस में जो रस्साकशी और सिरफुटौव्वल मची हुई है, वह किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस की स्थिति आज ऐसी है कि जहाँ चार नेता मिलते हैं, वहाँ पाँच गुट बन जाते हैं। श्री ठोकने ने बैज को आईना दिखाते हुए कहा कि बैज पिछले तीन वर्षों से अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे हैं, लेकिन अब तक अपनी कार्यसमिति घोषित नहीं कर पाए। क्या यह उनकी अक्षमता नहीं है? कांग्रेस की बूथ और मंडल कमेटियाँ केवल कागजों पर सिमट कर रह गई हैं। स्वयं कांग्रेस के भीतर उनकी प्रामाणिकता पर सवाल उठ रहे हैं और जाँच की नौबत आ गई है। दरअसल, बैज का अपने ही कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण खत्म हो चुका है, यही कारण है कि वे भाजपा की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली को देख कर विचलित हो रहे हैं। श्री ठोकने ने नसीहत दी कि बैज को दूसरों के घर में झांकने के बजाय अपनी पार्टी के टूटते हुए ढांचे और नेतृत्व के संकट की चिंता करनी चाहिए। जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस अब केवल बयानबाजी के सहारे ही जीवित रहने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!