डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से महंगाई की मार , आम जनता पर बढ़ेगा बोझ
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – केंद्र सरकार द्वारा डीजल एवं पेट्रोल के दामों में लगभग ₹3 की वृद्धि किए जाने से आम जनता की चिंताएं बढ़ गई हैं । बढ़े हुए दामों का सीधा असर अब दैनिक जीवन एवं बाजार व्यवस्था पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है ।
मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल पर ₹3.20 पैसे तथा डीजल पर ₹3.10 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है जिससे आम नागरिकों , व्यापारियों एवं वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ने लगा है ।
अमरकंटक नगर परिषद के उपाध्यक्ष रज्जू सिंह नेताम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जाने से गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर इसका सीधा असर पड़ेगा । उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह वृद्धि और अधिक परेशानी का कारण बनेगी ।
स्थानीय व्यवसायी महेश जैन ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि होने से माल भाड़ा बढ़ेगा जिसके कारण खाद्य सामग्री सहित अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाएंगे । उन्होंने कहा कि परिवहन लागत बढ़ने का प्रभाव सीधे बाजार पर दिखाई देगा ।
जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हरि सिंह उईके ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दामों से गरीब जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ेगा तथा सभी आवश्यक वस्तुओं के मूल्य भी इससे प्रभावित होंगे । उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण एवं विकास कार्यों की लागत बढ़ने से विकास योजनाओं पर भी असर पड़ सकता है ।
युवा पत्रकार संजय श्रीवास ने कहा कि डीजल-पेट्रोल की मूल्य वृद्धि की संभावना पहले से जताई जा रही थी । उन्होंने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के दाम पहले ही बढ़ चुके हैं अब पेट्रोल-डीजल महंगे होने से महंगाई की दर और अधिक बढ़ने की आशंका है ।
अमरकंटक सहित आसपास के क्षेत्रों में लोग बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं तथा सरकार से राहत प्रदान करने की मांग कर रहे हैं ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
