पर्यावरण शपथ के साथ बिलासपुर मंडल में “विश्व पर्यावरण दिवस” अभियान-2026 का शुभारंभ ।
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन |
बिलासपुर । बिलासपुर मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस अभियान 2026 (15 मई से 5 जून 2026) के अंतर्गत विभिन्न स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है । यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित न होकर एक विस्तारित कालखंड में क्रियान्वित किया जा रहा है, जिसमें चरणबद्ध रूप से जागरूकता, संवाद, और व्यवहार परिवर्तन पर केंद्रित गतिविधियाँ आयोजित की जा रही है । कल दिनांक 15 मई को पर्यावरण शपथ के साथ इस अभियान की शुरुआत की गई | इस अवसर पर मंडल के सभी कार्यालयों, स्टेशनों एवं कार्यस्थलों पर अधिकारियों तथा सभी कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने, दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी बदलाव अपनाने तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। इस अभियान के अंतर्गत आज मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर “अपनी पानी की बोतल साथ रखें” विषय पर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने, प्लास्टिक कचरे में कमी लाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए सतत एवं हरित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया। अभियान के दौरान यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों एवं अन्य हितधारकों को जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, मिशन LiFE तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम करने एवं स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
