ट्रक चालकों से लूटपाट और कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
संभव स्टील कंपनी परिसर में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट, ट्रकों को रोककर डीजल और नगदी लूटी
पुलिस ने कार, बाइक सहित लूटा गया सामान किया बरामद
तिल्दा-नेवरा। रायपुर ग्रामीण जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में ट्रक चालकों से लूटपाट, मारपीट और संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड की कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कार, एक पल्सर मोटरसाइकिल, लूटा गया डीजल और नगदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को काले रंग की कार और मोटरसाइकिल में सवार 6 युवक सरोरा स्थित संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड परिसर में जबरन घुस गए। आरोपियों ने लेबर कॉलोनी और कैंटीन कर्मचारियों के साथ रॉड से मारपीट करते हुए कैंटीन काउंटर में तोड़फोड़ की।
कैंटीन संचालन के नाम पर मांगी अवैध वसूली
मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कैंटीन संचालन के एवज में हर महीने रकम और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। कर्मचारियों द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
ट्रकों को रोककर की लूटपाट
इसी रात आरोपियों ने ग्राम सरोरा रोड स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास दो ट्रकों को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने ट्रक चालकों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और ट्रकों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद ट्रक में रखा करीब 30 लीटर डीजल और चालक के पास रखी 25 हजार 500 रुपये नगद लूटकर फरार हो गए।
विशेष टीम बनाकर पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लक्की शर्मा सहित सभी 6 आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
लाखों की कार और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 6 लाख रुपये कीमत की कार, 1 लाख रुपये की पल्सर मोटरसाइकिल, 30 लीटर डीजल और 12 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- लकी उर्फ जयमोहन शर्मा
- दिना उर्फ दिनेश माधवनी
- विशाल छबलानी
- नोहर सिंह रजक उर्फ बूट्टी
- दीपक साहू
- मोहित उर्फ मोंटी मेहानी
कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
