बिरकोना रोड पर लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई बाइक और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त
बिलासपुर। थाना कोनी पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नगदी राशि तथा वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा जब्त किया है। मामले का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद हुआ।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी गौतम पालेकर (30 वर्ष), निवासी ग्राम सेदरी रामतला रोड, थाना कोनी ने 29 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 28 मई की रात लगभग 11 बजे वह सेंट्रल लाइब्रेरी से अपनी टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 बीके 3754 से घर लौट रहा था। जब वह कुलपति निवास होते हुए बिरकोना रोड स्थित बजरंगबली मंदिर के पास पहुंचा, तभी सड़क के बीचों-बीच खड़े ई-रिक्शा के कारण उसे रुकना पड़ा।
आरोप है कि वहां मौजूद चार अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया और उसके जेब में रखे एक हजार रुपये तथा उसकी मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने थाना कोनी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने लिंगियाडीह, सरकंडा निवासी सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि लूट की गई रकम में से कुछ पैसे अपने शौक और खर्चों में खर्च कर दिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर सरजू भास्कर के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक सीजी 10 बीजे 6885 तथा 50 रुपये नगद बरामद किए। वहीं कृष लहरे के कब्जे से प्रार्थी की लूटी गई मोटरसाइकिल और 150 रुपये नगद जब्त किए गए।
चारों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सरजू भास्कर (20 वर्ष), कृष लहरे (20 वर्ष), राजकुमार सूर्यवंशी (20 वर्ष) तथा शाकिर अली (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की सतर्कता से सुलझा मामला
थाना कोनी पुलिस और एसीसीयू टीम की त्वरित कार्रवाई से लूट की वारदात का खुलासा संभव हो सका। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अपराध में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है तथा क्षेत्र में अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि रात के समय सुनसान मार्गों पर सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

