Jeevansathi.com पर दोस्ती, जन्मदिन पार्टी का बहाना और फिर लाखों के जेवरात की चोरी, अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट Jeevansathi.com के माध्यम से महिलाओं से संपर्क कर उन्हें अपने झांसे में लेने और फिर नशीला पदार्थ खिलाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का रायपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान और उसके साथी हितिन नरूला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पिछले एक माह में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए लगभग 100 महिलाओं से संपर्क किया था और देश के विभिन्न राज्यों में इस तरह की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार खम्हारडीह क्षेत्र निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग चार महीने पहले उसकी पहचान Jeevansathi.com के माध्यम से अभिनव सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया।
जन्मदिन मनाने के बहाने पहुंचा घर
शिकायत के अनुसार 15 मई 2026 को आरोपी ने महिला को फोन कर जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने उसके घर आने की बात कही। दोपहर करीब एक बजे वह महिला के घर पहुंचा और दोनों ने साथ में भोजन किया।
भोजन के दौरान आरोपी ने चिकन ठीक से नहीं पका होने की बात कहते हुए उसे दोबारा पकाया और महिला को खाने के लिए दिया। कुछ देर बाद महिला बेहोश हो गई। शाम को उसकी रूम पार्टनर घर पहुंची और उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह होश में नहीं आई।
अगले दिन सुबह होश आने पर महिला ने देखा कि उसके गले की सोने की चेन, दो अंगूठियां और आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के अन्य जेवरात गायब थे। आरोपी भी घर से फरार था और उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था।
भोजन में मिलाया था नशीला पदार्थ
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को बेहोश कर दिया था। महिला के अचेत होने के बाद उसने घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण चोरी किए और मौके से फरार हो गया।
महिला की शिकायत पर थाना खम्हारडीह में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो राज्यों में दबिश देकर आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण तथा तकनीकी जांच शुरू की।
Jeevansathi.com पर बने प्रोफाइल, मोबाइल नंबर और डिजिटल गतिविधियों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में आरोपी हितिन नरूला की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में मिली। पुलिस टीम तत्काल वहां पहुंची और निगरानी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
हितिन नरूला से पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
साथी स्टेशन पर करता था इंतजार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों मित्र हैं और घटना वाले दिन साथ में रायपुर आए थे। अभिनव सिंह महिला के घर गया जबकि हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर ही रुका रहा।
महिला को बेहोश कर जेवरात चोरी करने के बाद अभिनव सिंह रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां उसका साथी पहले से मौजूद था। इसके बाद दोनों वहां से फरार हो गए।
4 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, लगभग दो तोला सोने के जेवरात, एक चांदी का ब्रेसलेट तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4 लाख 21 हजार 500 रुपये बताई गई है।
फर्जी दस्तावेजों का करता था इस्तेमाल
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाकर उनका उपयोग करता था। पुलिस अब उसके द्वारा उपयोग किए गए दस्तावेजों और अन्य पहचान संबंधी जानकारी की भी जांच कर रही है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभिनव सिंह पहले भी धोखाधड़ी, चोरी और वाहन चोरी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2024 में दिल्ली के अशोक विहार थाना क्षेत्र तथा वर्ष 2026 में पार्लियामेंट हाउस थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों में वह गिरफ्तार हो चुका है। इसके अलावा उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले में भी वह जेल भेजा जा चुका है।
100 महिलाओं से संपर्क की जांच जारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अभिनव सिंह ने केवल एक माह के भीतर Jeevansathi.com के माध्यम से लगभग 100 महिलाओं से संपर्क किया था। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं अन्य महिलाएं भी इस गिरोह का शिकार तो नहीं हुई हैं।
पुलिस का मानना है कि आरोपी ने देश के अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। इसलिए गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइटों या सोशल मीडिया के माध्यम से बने नए परिचितों पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति से पहली मुलाकात सार्वजनिक स्थान पर करें और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी बरतें।
पुलिस ने यह भी कहा है कि यदि किसी महिला के साथ इस प्रकार की घटना हुई है तो वह रायपुर पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 94791-91099 पर संपर्क कर सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

