ग्राम बर्रा में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 8 जुआरी गिरफ्तार, नकदी, बाइक और मोबाइल जब्त

0
IMG-20260603-WA0948

जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी रकम, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और ताश पत्तियां जब्त की हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत 2 जून 2026 की देर शाम नवागढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग ग्राम बर्रा क्षेत्र में जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 8 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

NTPC World Environment Day

35 हजार से अधिक नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 हजार 510 रुपये नकद, 10 मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन तथा ताश पत्तियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में पुनीराम बजारे निवासी केरा, कमल चंद्रा निवासी चिकनीडीह (जिला सारंगढ़), मानिकराम यादव निवासी खरौद (थाना शिवरीनारायण), कमलेश्वर साहू निवासी बिर्रा, जितेंद्र कुर्रे निवासी कोड़ाभाठ (थाना पामगढ़), रामलाल रत्नाकर निवासी खपरीडीह (थाना नवागढ़), गोरेलाल साहू निवासी ससहा (थाना पामगढ़) तथा शिवकुमार कश्यप निवासी कोसला (थाना पामगढ़) शामिल हैं।

जुआ और सट्टा के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!