NTPC World Environment Day

डिजिटल समन्वय से तेज होगा अधोसंरचनात्मक योजनाओं का क्रियान्वयन

0
IMG-20260603-WA1320

कबीरधाम में पीएम गतिशक्ति पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष कबीरधाम में प्रधानमंत्री गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभागीय अधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उद्योग विभाग रायपुर से पहुंचे विशेषज्ञ अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पीएम गतिशक्ति पोर्टल की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और इसके व्यावहारिक लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसका मुख्य उद्देश्य देश में लॉजिस्टिक्स लागत को कम करना और परिवहन के विभिन्न साधनों- सड़क, रेल, हवाई मार्ग और जलमार्ग को आपस में जोड़कर बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाना है। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल, एडीएम विनय पोयाम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला में उद्याोग विभाग रायपुर की सहायक संचालक कुमुद मिश्रा व वरिष्ठ सलाहकार जीआईएस प्रिया ने बताया कि पीएम गतिशक्ति पोर्टल केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं को एकीकृत मंच पर लाकर योजनाओं के बेहतर समन्वय और समयबद्ध क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से सड़क, रेल, जल, ऊर्जा, दूरसंचार, औद्योगिक विकास सहित विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की जानकारी एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो जाती है, जिससे योजनाओं के बीच तालमेल मजबूत होता है और विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब कम होता है।
कार्यशाला में पोर्टल के तकनीकी उपयोग, जीआईएस आधारित मैपिंग, डेटा अपलोडिंग, विभागीय समन्वय तथा परियोजनाओं की मॉनिटरिंग संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को बताया कि विभागीय योजनाओं और अधोसंरचना परियोजनाओं की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से पोर्टल में दर्ज करने से विकास कार्यों की बेहतर निगरानी और योजना निर्माण में सहायता मिल सकेगी।
प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि पीएम गतिशक्ति पहल का लक्ष्य मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना, परियोजनाओं की लागत कम करना, संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना तथा निवेश एवं औद्योगिक विकास को गति देना है। इससे शासन की योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को भी बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

पीएम गतिशक्ति पोर्टल का उद्देश्यपीएम गतिशक्ति का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वित योजना निर्माण को बढ़ावा देना, अधोसंरचना विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना तथा परियोजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करना है। यह पहल विकास कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म आधारित निर्णय प्रक्रिया को भी अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पीएम गतिशक्ति पोर्टल के लाभपीएम गतिशक्ति पोर्टल विभिन्न विभागों की परियोजनाओं को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करता है। जीआईएस आधारित मैपिंग एवं मॉनिटरिंग सुविधा के माध्यम से योजनाओं की प्रभावी निगरानी संभव हो रही है। इस पहल से परियोजनाओं में होने वाली देरी एवं लागत में कमी आएगी तथा आधारभूत संरचना विकास को गति मिलेगी। साथ ही निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने के साथ संसाधनों का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित होगा। पीएम गतिशक्ति के माध्यम से मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!