नैनो यूरिया-डीएपी से लागत घटाकर बेहतर उत्पादन ले रहे किसान बेलचंद मेरिया
आधुनिक खेती की ओर बढ़ते कदम, कृषक हो रहे लाभान्वित
रायपुर । मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी जिले में किसान अब परंपरागत कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बना रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम आलकान्हार के प्रगतिशील किसान बेलचंद मेरिया नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग से खेती में सकारात्मक बदलाव लाने वाले किसानों में शामिल हैं। पिछले दो वर्षों से वे अपनी 6 एकड़ कृषि भूमि में इन उन्नत उर्वरकों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन के साथ खेती की लागत में भी कमी ला रहे हैं।
श्री मेरिया बताते हैं कि पहले खेती में पारंपरिक उर्वरकों पर अधिक खर्च करना पड़ता था, वहीं अब नैनो उर्वरकों के उपयोग से कम मात्रा में अधिक प्रभावी परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। उनका कहना है कि नैनो यूरिया फसलों को आवश्यक पोषक तत्व सीधे उपलब्ध कराता है, जिससे पौधों की वृद्धि बेहतर होती है और उत्पादन की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का उपयोग करना भी काफी आसान है। स्प्रे के माध्यम से इसका छिड़काव किया जाता है, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है। साथ ही इसकी छोटी बोतल को खेत तक ले जाना और सुरक्षित रखना भी सुविधाजनक है। इससे परिवहन और भंडारण की समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है। बेलचंद मेरिया केवल धान और गेहूं जैसी मुख्य फसलों में ही नहीं, बल्कि बाड़ी में उगाई जाने वाली सब्जियों, फलदार पौधों और फूलों में भी नैनो उर्वरकों का उपयोग कर रहे हैं। उनका अनुभव है कि इन उर्वरकों के प्रयोग से फसलों की बढ़वार बेहतर होती है और मिट्टी की गुणवत्ता भी सुरक्षित बनी रहती है। वे बताते हैं कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने से खेती अब पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक और लाभदायक हो गई है। खेती में मिल रहे अच्छे परिणामों से उत्साहित होकर उन्होंने क्षेत्र के अन्य किसानों से भी नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग की अपील की है। श्री मेरिया का कहना है कि यदि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत उर्वरकों को अपनाएं, तो कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

