विश्व साइकिल दिवस पर मुंगेली पुलिस की साइकिल रैली, फिटनेस का दिया संदेश
“Sunday On Cycle” अभियान में 90 पुलिसकर्मियों का पंजीयन, आमजन को किया जागरूक
मुंगेली। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मुंगेली पुलिस ने रविवार को जिले में “Sunday On Cycle” अभियान के तहत साइकिल रैली निकालकर स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक Bhojram Patel के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली एवं थाना लोरमी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Navneet Kaur Chhabra तथा उप पुलिस अधीक्षक Harvinder Singh के मार्गदर्शन में जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
शहर में निकली जागरूकता रैली
मुंगेली में रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल एवं थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में थाना सिटी कोतवाली परिसर से साइकिल रैली का शुभारंभ हुआ। रैली दाऊपारा चौक, रेस्ट हाउस, लोरमी तिराहा और पड़ाव चौक होते हुए पुनः थाना सिटी कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने साइकिल चलाते हुए नागरिकों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतिभागियों ने फिट रहने और पर्यावरण संरक्षण में साइकिल के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
लोरमी में भी दिखा उत्साह
इसी प्रकार लोरमी में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव के नेतृत्व में थाना परिसर से साइकिल रैली निकाली गई। रैली रेस्ट हाउस चौक, बस स्टैंड और तहसील चौक से होकर पुनः थाना लोरमी पहुंची। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई।
रैली के माध्यम से लोगों को नियमित रूप से साइकिल चलाने, शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
फिट इंडिया पोर्टल में 90 पुलिसकर्मियों का पंजीयन
मुंगेली पुलिस ने अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के कुल 90 अधिकारी-कर्मचारियों का पंजीयन फिट इंडिया पोर्टल में कराया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ और फिट भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नियमित रूप से साइकिलिंग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
आगे भी होंगे जनजागरूकता कार्यक्रम
मुंगेली पुलिस ने कहा है कि फिट इंडिया अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप भविष्य में भी स्वास्थ्य, फिटनेस और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

