महतारी वंदन योजना बनी खुशियों का आधार,
श्रीमती कबीला के घर आई आर्थिक संबल की नई रोशनी
रायपुर । महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और परिवार की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने का मजबूत आधार भी बन रही है।
सूरजपुर जिले के ग्राम बैजनाथपुर की निवासी श्रीमती कबीला देवांगन के जीवन में भी इस योजना ने नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का संचार किया है। वे बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बन गई है। इस राशि से वे घर की आवश्यक वस्तुएं, रसोई का सामान, साग-सब्जी तथा दैनिक उपयोग की अन्य जरूरतों को सहजता से पूरा कर पा रही हैं।
श्रीमती कबीला देवांगन कहती हैं कि पहले घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए कई बार आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली नियमित सहायता ने उनकी चिंताओं को काफी हद तक कम कर दिया है। छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ती और परिवार के खर्चों का बेहतर प्रबंधन संभव हो पा रहा है।
वे बताती हैं कि यह सहायता राशि केवल आर्थिक सहयोग नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने का माध्यम भी है। अब उन्हें यह संतोष है कि वे परिवार की जिम्मेदारियों में अपनी सार्थक भागीदारी निभा रही हैं। उनके चेहरे की मुस्कान और आत्मविश्वास इस योजना की सफलता की कहानी स्वयं बयां करते हैं।
श्रीमती कबीला देवांगन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली एक सराहनीय पहल है, जिसने उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर दिया है।
महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का पर्याय बन चुकी है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए परिवार और समाज में उनकी भूमिका को और अधिक मजबूत करने का कार्य कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

