NTPC World Environment Day

ऑपरेशन प्रहार के तहत पुसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 टन से अधिक लोहे का स्क्रैप जब्त

0
IMG-20260610-WA1511

चोरी के संदेह में 9.22 लाख रुपये का माल जब्त, अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की सख्त नजर

रायगढ़। संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और अवैध कबाड़ कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुसौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 20 टन 700 किलोग्राम लोहे के स्क्रैप से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में लगभग 9.22 लाख रुपये मूल्य के माल और वाहन को अपने कब्जे में लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 जून 2026 को थाना पुसौर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सरिया-सारंगढ़ की ओर से एक ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप लोड कर रायगढ़ की ओर ले जाया जा रहा है।

घेराबंदी कर पकड़ा गया ट्रक

थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सूरजगढ़ पुल के पहले घेराबंदी की। जांच के दौरान ट्रक क्रमांक OD-05-Y-1490 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

वाहन चालक रामा विश्कर्मा ने पूछताछ में बताया कि ट्रक में 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप लोड है। पुलिस ने स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन चालक कोई वैधानिक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

चोरी की संपत्ति होने के संदेह में कार्रवाई

वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने स्क्रैप को चोरी की संपत्ति होने के संदेह में जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 35(1)(बी)(ii) के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए माल में 20 टन 700 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप तथा 12 चक्का ट्रक शामिल है। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत 1.22 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 9.22 लाख रुपये बताया गया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर नायक, प्रधान आरक्षक श्याम महंत एवं आरक्षक उमाशंकर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध कबाड़ कारोबारियों को चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए अवैध कबाड़ के परिवहन और संग्रहण पर रायगढ़ पुलिस की लगातार निगरानी बनी हुई है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि चोरी के माल की खरीद-फरोख्त, अवैध परिवहन और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा आगे भी जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत इसी तरह की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

रायगढ़ पुलिस का मानना है कि कबाड़ की आड़ में चोरी की संपत्तियों के अवैध कारोबार को रोकना संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए ऐसे मामलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!