नकली शराब के संगठित नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई जारी, फरार आरोपी सुभाष पटेल गिरफ्तार

0
IMG-20260610-WA1679

ऑपरेशन आघात के तहत जोरापाली फार्म हाउस में दबिश, नकली शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त

रायगढ़। जिले में नकली शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हाल ही में उजागर हुए संगठित नकली शराब नेटवर्क मामले में फरार चल रहे आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल को पुलिस ने उसके जोरापाली स्थित फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एक दिन पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में बताया था कि 8 जून की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने थाना कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमार कार्रवाई कर लंबे समय से संचालित नकली शराब के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था।

पहले कार्रवाई में मिली थी 240 लीटर नकली शराब

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में लगभग 240 लीटर नकली शराब, विभिन्न ब्रांडों की 869 बोतलें, नकली होलोग्राम, ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, खाली बोतलें और अन्य सामग्री बरामद की गई थी। इस मामले में आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि सुभाष पटेल और विनय ठाकुर फरार हो गए थे।

NTPC World Environment Day

फार्म हाउस से हुआ गिरफ्तार

फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सुभाष पटेल अपने जोरापाली स्थित फार्म हाउस में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शील सिंह आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई और सह-आरोपी विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर नकली शराब के कारोबार में शामिल था। गिरोह फार्म हाउस में शराब का भंडारण करता था और उसमें मिलावट कर उसे विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से बेचता था।

स्प्रिट और चायपत्ती से तैयार की जाती थी नकली शराब

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाते थे। इसके बाद शराब को खाली बोतलों में भरकर नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर सील कर दिया जाता था।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि स्प्रिट मिलाने से शराब का रंग हल्का पड़ जाता था, जिसे छिपाने के लिए उसमें चायपत्ती का रंग मिलाया जाता था ताकि वह असली शराब जैसी दिखाई दे और ग्राहकों को संदेह न हो।

फार्म हाउस से मिली नकली शराब बनाने की सामग्री

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके फार्म हाउस से गैस सिलेंडर, सिंगल गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम की डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार इन सामग्रियों का उपयोग नकली शराब तैयार करने और पैकिंग करने में किया जाता था।

कई धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल के खिलाफ थाना कोतरारोड़ में दर्ज अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336(4), 336(3), 340(2), 61(2), 275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36, 49(क) और 59(क) के तहत कार्रवाई की है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

प्रकरण में शामिल मुख्य फरार आरोपी विनय ठाकुर की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को भी जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।

रायगढ़ पुलिस का मानना है कि नकली शराब का कारोबार न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। इसी कारण ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!