नियमों की अनदेखी पर ब्लिंकिट परिसर सीलबंद, पार्किंग व अग्निशमन व्यवस्था में मिली गंभीर खामियां
रायपुर। नगर निगम रायपुर ने नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस Blinkit के एक परिसर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सीलबंद कर दिया। यह कार्रवाई नगर निगम जोन-7 क्षेत्र स्थित समता कॉलोनी में प्रगति कॉलेज के पास संचालित परिसर पर की गई, जहां पार्किंग, अग्निशमन और भवन संचालन संबंधी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम जोन-7 के नगर निवेश एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण जोन-7 की जोन कमिश्नर डॉ तृप्ति पाणीग्रही के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि समता कॉलोनी मार्ग स्थित ब्लिंकिट भवन में नियमानुसार पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में यातायात बाधित होने की आशंका बनी हुई थी। इसके साथ ही भवन में अग्निशामक व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जो सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर लापरवाही मानी गई।

जांच के दौरान एक और बड़ी अनियमितता सामने आई कि परिसर में पूर्णता प्रमाणपत्र (Completion Certificate) प्राप्त किए बिना ही व्यावसायिक संचालन किया जा रहा था। नगर निगम अधिकारियों ने इसे भवन निर्माण एवं संचालन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, उपअभियंता प्रेरणा अग्रवाल, चंद्रकांत बर्गे सहित जोन-7 नगर निवेश एवं राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी तथ्यों की पुष्टि होने के बाद नगर निगम टीम ने मौके पर ही परिसर को सीलबंद करने की कड़ी कार्रवाई की।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में बिना अनुमति अथवा नियमों की अनदेखी कर संचालित होने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा और नगर नियोजन मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
